वाराणसी में दर्दनाक सड़क हादसा, अस्पताल जा रही महिला की ट्रक से कुचलकर मौत

वाराणसी में दर्दनाक सड़क हादसा, अस्पताल जा रही महिला की ट्रक से कुचलकर मौत

वाराणसी (रणभेरी): रोहनिया थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह नेशनल हाईवे पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन चालकों की तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, भदोही जनपद के कुरौना गांव निवासी गुल्पसा (25), पत्नी नवाज शरीफ, सोमवार सुबह अपने भतीजे आसियान के साथ बाइक से अस्पताल जा रही थीं। बाइक उनका भतीजा चला रहा था। जब दोनों मोहनसराय स्थित कनेरी गेट के पास नेशनल हाईवे पर पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक अज्ञात बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही बाइक का संतुलन बिगड़ गया और गुल्पसा सड़क पर गिर पड़ीं। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक के पहिए के नीचे आने से उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहा उनका भतीजा आसियान हादसे में सुरक्षित बच गया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *