वाराणसी: ट्रेन में नशीली चाय पिलाकर यात्रियों को लूटने वाले प्रेमी-प्रेमिका गिरफ्तार, कई राज खुलने की आशंका

वाराणसी: ट्रेन में नशीली चाय पिलाकर यात्रियों को लूटने वाले प्रेमी-प्रेमिका गिरफ्तार, कई राज खुलने की आशंका

वाराणसी (रणभेरी): ट्रेनों में यात्रियों को झांसे में लेकर नशीला पदार्थ खिलाकर लूटपाट करने वाले प्रेमी-प्रेमिका की जोड़ी को जीआरपी, आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में सामने आया कि दोनों लंबे समय से यात्रियों को निशाना बनाकर इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।

पुलिस के अनुसार आरोपी ट्रेन यात्रा के दौरान अकेले या असहाय यात्रियों से पहले बातचीत कर उनसे परिचय बढ़ाते थे। विश्वास जीतने के बाद मदद करने का भरोसा देकर अपने जाल में फंसाते थे और फिर मौका मिलते ही उन्हें नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर देते थे। इसके बाद आरोपी यात्रियों का कीमती सामान लेकर फरार हो जाते थे।

जानकारी के मुताबिक 13 जून को बनारस रेलवे स्टेशन पर भी ऐसी ही एक घटना सामने आई थी। आरोपियों ने एक महिला यात्री को अपना शिकार बनाया। पहले दोनों ने महिला से बातचीत कर परिचय बढ़ाया और सहायता का भरोसा दिलाया। इसके बाद महिला को ट्रेन में बैठाने के नाम पर उसके करीब पहुंच गए।

वाराणसी: ट्रेन में नशीली चाय पिलाकर यात्रियों को लूटने वाले प्रेमी-प्रेमिका गिरफ्तार, कई राज खुलने की आशंका

बताया जा रहा है कि आरोपी भी उसी ट्रेन में सवार हो गए और यात्रा के दौरान महिला का भरोसा जीतने के बाद उसे चाय पीने के लिए दी। पुलिस जांच में सामने आया कि चाय में नशीला पदार्थ मिलाया गया था। चाय पीने के कुछ समय बाद महिला बेहोश हो गई, जिसका फायदा उठाकर दोनों आरोपी उसके सामान के साथ फरार हो गए।

महिला यात्री के पास मौजूद बैग, सोने की चेन, मोबाइल फोन और नकदी लेकर आरोपी मौके से निकल गए। घटना के बाद मामले की शिकायत दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। विभिन्न टीमों द्वारा लगातार निगरानी और छानबीन के बाद दोनों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली।

कैंट जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक राजोल नागर ने बताया कि गिरफ्तार युवक का पहले भी जहरखुरानी से जुड़े मामलों में आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह इस प्रकार के अपराध में जेल भी जा चुका है। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने पीड़िता का मोबाइल फोन, आधार कार्ड, कुछ नकदी तथा संदिग्ध नशीली दवाइयां भी बरामद की हैं।फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उन्होंने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है तथा उनके नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *