वाराणसी (रणभेरी): उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) का आयोजन गुरुवार सुबह 9:30 बजे से जिले में कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शुरू हो गया। चार वर्ष बाद आयोजित हो रही इस परीक्षा के लिए वाराणसी में कुल 68 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। तीन दिवसीय परीक्षा में कुल 1,60,379 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने ट्रिपल लेयर निगरानी व्यवस्था लागू की है। रिटायर आईएएस और आईपीएस अधिकारियों सहित अनुभवी पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के सदस्य भी परीक्षा की निगरानी में जुटे हुए हैं।

जिला विद्यालय निरीक्षक के अनुसार सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों की सघन जांच की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोका जा सके।
परीक्षा का आयोजन गुरुवार और शुक्रवार को दो पालियों में जबकि शनिवार को एक पाली में किया जाएगा। पहले दिन दोनों पालियों में 33,139-33,139 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। दूसरे दिन दोनों पालियों में 33,140-33,140 अभ्यर्थी शामिल होंगे, जबकि तीसरे दिन पहली पाली में 27,821 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
आयोग ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि उत्तर पत्रक पर व्हाइटनर, ब्लेड, रबर अथवा किसी भी प्रकार से सुधार करना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। उत्तर पुस्तिका में गलत जानकारी दर्ज करने अथवा गोले सही ढंग से न भरने पर कॉपी का मूल्यांकन नहीं किया जाएगा।
परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, टैबलेट, कैलकुलेटर, पेन ड्राइव, एटीएम कार्ड तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। अभ्यर्थियों को केवल काले रंग के बॉल प्वाइंट पेन का प्रयोग करने की अनुमति होगी।
आयोग ने यह भी बताया कि परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थी अपनी ओएमआर शीट की कॉपी और प्रश्नपत्र अपने साथ ले जा सकेंगे। हालांकि परीक्षा समाप्त होने के अंतिम आधे घंटे पहले किसी भी परीक्षार्थी को कक्ष से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी।

अभ्यर्थियों की अधिक संख्या को देखते हुए वाराणसी के परीक्षा केंद्रों पर जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, मिर्जापुर, भदोही, प्रयागराज, सोनभद्र, देवरिया और मऊ समेत अन्य क्षेत्रों तथा राज्यों के परीक्षार्थियों को भी केंद्र आवंटित किए गए हैं।
परीक्षा का कार्यक्रम
- 2 जुलाई: दोनों पालियों में उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6-8) परीक्षा।
- 3 जुलाई: पहली पाली में उच्च प्राथमिक तथा दूसरी पाली में प्राथमिक स्तर (कक्षा 1-5) परीक्षा।
- 4 जुलाई: पहली पाली में प्राथमिक स्तर परीक्षा।
प्रथम पाली: सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक
द्वितीय पाली: दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक
