टीम इंडिया के तेज गेंदबाज आकाश दीप आज वाराणसी में रचाएंगे विवाह, ताज होटल में होगा भव्य समारोह

टीम इंडिया के तेज गेंदबाज आकाश दीप आज वाराणसी में रचाएंगे विवाह, ताज होटल में होगा भव्य समारोह

वाराणसी (रणभेरी) : भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप बुधवार को अपनी मंगेतर अक्षरा राज के साथ वैवाहिक बंधन में बंधने जा रहे हैं। विवाह समारोह का आयोजन वाराणसी स्थित ताज गंगेज होटल में किया गया है, जहां तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। होटल परिसर को विशेष रूप से शिव मंदिर की थीम पर सजाया गया है, जिससे पूरे आयोजन को धार्मिक और सांस्कृतिक स्वरूप दिया गया है।

बुधवार सुबह आकाश दीप अपनी होने वाली पत्नी और परिजनों के साथ वाराणसी पहुंचे। शादी समारोह में लगभग 350 मेहमानों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। सुरक्षा और व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए सभी आमंत्रित अतिथियों को क्यूआर कोड आधारित डिजिटल निमंत्रण भेजा गया है। होटल में प्रवेश केवल क्यूआर कोड स्कैन करने के बाद ही संभव होगा।

टीम इंडिया के तेज गेंदबाज आकाश दीप आज वाराणसी में रचाएंगे विवाह, ताज होटल में होगा भव्य समारोह

बिहार में पूरी हुईं विवाह पूर्व रस्में

विवाह से पहले की पारंपरिक रस्में बिहार के रोहतास जिले में संपन्न हुईं। सोमवार को मेहंदी और मंगलवार को हल्दी समारोह आयोजित किया गया, जिसमें परिवार के सदस्य और करीबी रिश्तेदार शामिल हुए। समारोह के दौरान पारंपरिक गीतों और बॉलीवुड संगीत पर जमकर नृत्य हुआ। आकाश दीप की बहन समेत परिवार के अन्य सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया।

मेहंदी रस्म के दौरान क्रिकेटर के हाथों पर उनकी होने वाली पत्नी के नाम की मेहंदी रचाई गई। ढोलक की थाप और लोकगीतों के बीच पूरे परिवार ने इस अवसर को यादगार बनाया।

टीम इंडिया के तेज गेंदबाज आकाश दीप आज वाराणसी में रचाएंगे विवाह, ताज होटल में होगा भव्य समारोह

जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने दिया आशीर्वाद

शादी से पहले प्रसिद्ध संत एवं कथावाचक जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने वीडियो कॉल के माध्यम से आकाश दीप से संवाद किया। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ नवदंपति के सुखद और सफल वैवाहिक जीवन की कामना की। आकाश दीप और अक्षरा राज दोनों ही बिहार के सासाराम क्षेत्र से संबंध रखते हैं।

उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही बिहार सरकार ने आकाश दीप को पुलिस विभाग में डीएसपी पद की जिम्मेदारी प्रदान की है, जिसके बाद यह विवाह समारोह और भी चर्चा का विषय बन गया है।

दिल्ली से बुलाए गए विशेषज्ञ

दूल्हा-दुल्हन की विशेष तैयारियों के लिए दिल्ली से पेशेवर मेकअप आर्टिस्टों की टीम को बुलाया गया है। वहीं होटल की साज-सज्जा का जिम्मा भी राजधानी की एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी को सौंपा गया है, जिसने पूरे परिसर को आकर्षक स्वरूप दिया है।

टीम इंडिया के तेज गेंदबाज आकाश दीप आज वाराणसी में रचाएंगे विवाह, ताज होटल में होगा भव्य समारोह

मेहमानों के लिए शाही भोज की व्यवस्था

विवाह समारोह में आने वाले अतिथियों के लिए विशेष भोज का इंतजाम किया गया है। जानकारी के अनुसार, प्रति व्यक्ति भोजन की लागत लगभग 4500 रुपये तक पहुंच सकती है। मेन्यू में बनारस की पारंपरिक पहचान के साथ-साथ देश-विदेश के लोकप्रिय व्यंजन भी शामिल किए गए हैं।

स्वागत पेय के रूप में मेहमानों को बनारसी ठंडाई, मसाला छाछ, विभिन्न प्रकार के मॉकटेल और मौसमी फलों के जूस परोसे जाएंगे। भोजन की शुरुआत शहर की प्रसिद्ध चाटों से होगी, जिनमें टमाटर चाट, पालक पत्ता चाट, आलू टिक्की और गोलगप्पे प्रमुख रहेंगे।

स्थानीय स्वाद और अंतरराष्ट्रीय व्यंजनों का संगम

मुख्य भोजन में बनारसी दम आलू, निमोना, बाटी-चोखा जैसी स्थानीय विशेषताओं को आधुनिक शैली में प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अलावा उत्तर भारतीय और मुगलई व्यंजनों में कड़ाही पनीर, चिकन करी, विशेष दाल, मलाई कबाब, गलावटी कबाब और विभिन्न प्रकार की तंदूरी रोटियां शामिल रहेंगी।

विदेशी व्यंजनों के शौकीनों के लिए लाइव पास्ता स्टेशन, इटालियन डिशेज, पैन-एशियन फूड, नूडल्स, डिम सम, थाई करी और कॉन्टिनेंटल स्टार्टर भी उपलब्ध रहेंगे।

मिठाइयों में दिखेगी शाही झलक

डेजर्ट सेक्शन को भी खास बनाया गया है। मेहमानों को शाही गुलाब जामुन, केसर जलेबी के साथ मलाई, शाही टुकड़ा और कुल्फी जैसे पारंपरिक स्वाद चखने को मिलेंगे। वहीं पेस्ट्री, मूस, पुडिंग और अन्य अंतरराष्ट्रीय बेकरी उत्पाद भी मेन्यू का हिस्सा होंगे। क्रिकेट जगत और प्रशासनिक क्षेत्र से जुड़े कई विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी में होने वाला यह विवाह समारोह वाराणसी के चर्चित आयोजनों में शामिल हो गया है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *