(रणभेरी): लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा सामने आया, जब एक तीन मंजिला इमारत में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग लगने के बाद दूसरे तल पर चल रही कोचिंग सेंटर में मौजूद छात्र-छात्राएं अंदर ही फंस गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा भवन धुएं से भर गया। इसी दौरान एक छात्र ने घबराहट में पहले फ्लोर से छलांग लगा दी, लेकिन नीचे लगी लोहे की ग्रिल पर गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की करीब दस गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। आग पर काबू पाने के लिए हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म का भी उपयोग किया जा रहा है। फायर कर्मियों ने इमारत के पीछे की दीवार तोड़कर अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भवन के भीतर लगभग 10 से 12 लोगों के फंसे होने की आशंका है। राहत कार्य को तेज करने के लिए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से करीब 14 एंबुलेंस भी मौके पर तैनात की गई हैं।
भवन के निचले हिस्से में पेट शॉप और एक क्लीनिक संचालित हो रहा था, जबकि दूसरे तल पर ‘लर्निंग स्पेस’ नाम की कोचिंग और लाइब्रेरी चल रही थी। इसी मंजिल पर ‘हेड हॉपर स्टूडियो’ भी स्थित है, जहां 3D आर्ट प्रोडक्शन और गेम एसेट आउटसोर्सिंग का काम होता है।

एक प्रत्यक्षदर्शी, जो पेट शॉप में कार्यरत था, ने बताया कि आग संभवतः बिजली के खंभे में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिसके बाद लपटें तेजी से ऊपर की ओर फैल गईं और पूरा परिसर धुएं से भर गया। उन्होंने बताया कि कई पालतू जानवरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन कुछ अभी भी अंदर फंसे होने की आशंका है।
आलमबाग क्षेत्र से पहुंचे एक व्यक्ति ने बताया कि उनका बेटा इसी इमारत में एनिमेशन से जुड़ा काम करता है और आग लगने के दौरान उसने फोन कर मदद की गुहार लगाई थी। परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन अब तक उनका बेटा लापता है।
फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। इमारत के अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
