वाराणसी (रणभेरी): राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (री-नीट 2026) का आयोजन रविवार को वाराणसी के 47 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस परीक्षा में कुल 25,478 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।
परीक्षा से एक दिन पूर्व ही सभी केंद्रों को सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस प्रशासन की निगरानी में सौंप दिया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बहुस्तरीय व्यवस्था लागू की गई है। प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, निगरानी दल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहेंगे।
कड़ी सुरक्षा के बीच होगा प्रवेश
एनटीए द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले प्रत्येक अभ्यर्थी की सघन जांच की जाएगी। फ्रिस्किंग के साथ-साथ बायोमेट्रिक सत्यापन भी अनिवार्य रहेगा। पहचान सत्यापित होने के बाद ही उम्मीदवारों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति मिलेगी।
हालांकि एजेंसी ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी तकनीकी कारण, मशीन में खराबी, इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्या अथवा अन्य विशेष परिस्थितियों में बायोमेट्रिक सत्यापन पूरा नहीं हो पाता है, तो अभ्यर्थी को परीक्षा से वंचित नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित अभ्यर्थी से लिखित घोषणा-पत्र लिया जाएगा और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराकर परीक्षा में बैठने की अनुमति दी जाएगी।
विशेष ड्रेस कोड लागू
परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए ड्रेस कोड भी निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों को हल्के और साधारण कपड़े पहनकर आने की सलाह दी गई है। ऐसे वस्त्रों से बचने को कहा गया है जिनमें बड़े बटन, अतिरिक्त जेबें या धातु से जुड़े सामान लगे हों।
एनटीए के निर्देशों के मुताबिक धार्मिक मान्यताओं से जुड़े प्रतीकों जैसे पगड़ी, हिजाब, कलावा या अन्य आवश्यक धार्मिक वस्तुओं की अनुमति रहेगी। हालांकि ऐसे अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा ताकि सुरक्षा जांच की अतिरिक्त प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।
नया प्रवेश पत्र जारी
री-नीट परीक्षा के लिए एजेंसी द्वारा नया एडमिट कार्ड जारी किया गया है। अभ्यर्थियों को निर्देश दिया गया है कि वे केवल नवीनतम प्रवेश पत्र के साथ ही परीक्षा केंद्र पहुंचें। पुराने प्रवेश पत्र मान्य नहीं होंगे। उम्मीदवारों को फोटोयुक्त पहचान पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज भी साथ रखने होंगे।
एयरफोर्स की निगरानी में पहुंचा प्रश्नपत्र
परीक्षा की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रश्नपत्रों के परिवहन की व्यवस्था भी विशेष रूप से की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रश्नपत्र पिछले सप्ताह वायुसेना के विमान के माध्यम से वाराणसी एयरपोर्ट लाए गए। एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में उन्हें सुरक्षित रखा गया और बाद में विशेष सुरक्षा व्यवस्था के बीच निर्धारित स्थान तक पहुंचाया गया।
प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और गोपनीयता बनाए रखने के लिए पूरे परिवहन और भंडारण प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखी गई। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
दोपहर में होगी परीक्षा
परीक्षा का आयोजन दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक किया जाएगा। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से काफी पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है ताकि सुरक्षा जांच, दस्तावेज सत्यापन और अन्य औपचारिकताएं समय पर पूरी की जा सकें।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए प्रशासन, शिक्षा विभाग और एनटीए के अधिकारी लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। अधिकारियों का दावा है कि इस बार परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए हर स्तर पर विशेष सतर्कता बरती गई है।
