- जंगमबाड़ी में पुलिस की मौजूदगी में सड़क पर अतिक्रमण का साम्राज्य
- बीच सड़क पर खड़े होते हैं ऑटो, भरी जाती है सवारियां, हर घंटे लग रहा जाम
- दशाश्वमेध थाना क्षेत्र में खुलेआम नियमों की धज्जियां, सीपी का आदेश तार-तार, जिम्मेदार काट रहे मलाई
वाराणसी (रणभेरी): शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील इलाकों में शामिल गोदौलिया चौराहा से सटे जंगमबाड़ी क्षेत्र इन दिनों यातायात अव्यवस्था का पर्याय बनता जा रहा है। दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस प्रमुख इलाकों के सड़को पर ऑटो चालकों द्वारा खुलेआम बीच सड़क वाहन खड़ा कर सवारियां भरने का सिलसिला लगातार जारी है। हालात ऐसे हैं कि आम राहगीरों, स्थानीय व्यापारियों और पर्यटकों का सड़क पर चलना तक मुश्किल हो गया है। गोदौलिया चौराहा काशी विश्वनाथ धाम, दशाश्वमेध घाट और गंगा आरती जैसे प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों का मुख्य प्रवेश द्वार माना जाता है।

प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु और पर्यटक यहां से होकर गुजरते हैं, लेकिन यातायात व्यवस्था की अनदेखी के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऑटो चालक सवारी के इंतजार में सड़क के बीचोंबीच वाहन खड़ा कर देते हैं, जिससे अन्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है और देखते ही देखते लंबा जाम लग जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह से लेकर देर रात तक यह स्थिति बनी रहती है। कई बार एंबुलेंस, स्कूल वाहन और जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहन भी जाम में फंस जाते हैं।
सड़क के दोनों किनारों पर पहले से मौजूद भीड़ और बीच में खड़े ऑटो यातायात व्यवस्था को पूरी तरह चरमरा देते हैं। हैरानी की बात यह है कि यह सब पुलिस की मौजूदगी में हो रहा है। चौराहे पर अक्सर पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं, लेकिन ऑटो चालकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई होती नजर नहीं आती। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि कई बार शिकायतों के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।

सूत्रों के अनुसार, कुछ ऑटो चालकों द्वारा सुविधा शुल्क देकर कार्रवाई से बचने की चर्चा भी क्षेत्र में आम है। हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है, लेकिन लगातार बनी रहने वाली अव्यवस्था और कार्रवाई के अभाव ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि यदि नियमित अभियान चलाकर नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तो स्थिति में सुधार संभव है।
व्यापारियों का कहना है कि गोदौलिया जैसे अति संवेदनशील क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होना जरूरी है। सड़क पर अनियंत्रित ढंग से खड़े ऑटो न केवल जाम का कारण बन रहे हैं बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ा रहे हैं। पैदल चलने वालों को वाहनों के बीच से होकर निकलना पड़ता है, जिससे उनकी सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है।

स्थानीय नागरिकों और व्यापारिक संगठनों ने पुलिस प्रशासन तथा यातायात विभाग से मांग की है कि गोदौलिया चौराहे को अतिक्रमण और अव्यवस्थित ऑटो संचालन से मुक्त कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। साथ ही निर्धारित स्थानों पर ही ऑटो खड़े कराने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके और श्रद्धालुओं व पर्यटकों के सामने काशी की बेहतर तस्वीर प्रस्तुत की जा सके।
