ठठरा गांव में कूड़ा डालने को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प, छह लोग घायल

ठठरा गांव में कूड़ा डालने को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प, छह लोग घायल

वाराणसी (रणभेरी): मिर्जामुराद क्षेत्र के ठठरा गांव में बुधवार सुबह घरेलू कचरा फेंकने को लेकर उपजे मामूली विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया और देखते ही देखते दो परिवारों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस झड़प में दोनों पक्षों के कुल छह लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत घर के पास कूड़ा डालने की बात पर कहासुनी से हुई। बात बढ़ते-बढ़ते इतनी बिगड़ गई कि दोनों ओर से लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और ईंट-पत्थर चलने लगे। स्थिति कुछ ही मिनटों में पूरी तरह तनावपूर्ण हो गई और गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इस घटना में एक पक्ष से विनोद गुप्ता, शुभम गुप्ता और कलावती देवी घायल हुए, जबकि दूसरे पक्ष से राधेश्याम गुप्ता, किशन गुप्ता और गणेश गुप्ता को चोटें आईं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी रहा।

घटना की सूचना मिलते ही कछवारोड चौकी प्रभारी संदीप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर थाने भेजा और घायलों को मेडिकल जांच के लिए जक्खिनी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रवाना कराया।

मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है। मामले में तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

ग्रामीणों के अनुसार, कूड़ा डालने जैसे छोटे से मुद्दे पर शुरू हुआ यह विवाद आपसी तनाव के कारण हिंसक रूप ले बैठा, जिससे गांव में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल रहा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *