इश्क का बुखार ऐसा कि टॉवर पर चढ़ गई युवती, बोली – शादी कराओ वरना नहीं उतरूंगी

इश्क का बुखार ऐसा कि टॉवर पर चढ़ गई युवती, बोली - शादी कराओ वरना नहीं उतरूंगी

वाराणसी (रणभेरी) : वाराणसी के बड़ागांव क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती अपने प्रेमी से शादी कराने की मांग को लेकर करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। युवती का कहना था कि वह लंबे समय से युवक के साथ संबंध में है और अब दोनों शादी करना चाहते हैं, लेकिन अलग-अलग जाति होने के कारण परिवार वाले इस रिश्ते का विरोध कर रहे हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी तत्काल पहुंची और युवती को समझाने का प्रयास शुरू किया गया। करीब काफी देर तक चली बातचीत और समझाइश के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा गया।

लंबे समय से चल रहा था प्रेम संबंध

बताया जा रहा है कि बड़ागांव थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक और युवती के बीच काफी समय से प्रेम संबंध था। कुछ दिन पहले युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसके गांव पहुंचा था। इसी दौरान परिजनों के आने की भनक लगते ही युवक वहां से भागने लगा। भागने के प्रयास में वह छत से नीचे गिर गया, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई और फ्रैक्चर हो गया।

घटना के बाद युवक घर पर ही इलाज करा रहा था। इसी कारण दोनों की मुलाकात बंद हो गई थी। युवती का आरोप है कि परिवार वालों ने उस पर दबाव बनाना शुरू कर दिया और शादी के लिए साफ मना कर दिया।

इश्क का बुखार ऐसा कि टॉवर पर चढ़ गई युवती, बोली - शादी कराओ वरना नहीं उतरूंगी

प्रेमी के गांव पहुंचकर टॉवर पर चढ़ी युवती

मंगलवार सुबह युवती अचानक अपने प्रेमी के गांव पहुंची। वहां उसने मोबाइल टॉवर पर चढ़कर शादी की मांग शुरू कर दी। युवती लगातार यही कहती रही कि यदि उसकी शादी प्रेमी से नहीं कराई गई तो वह नीचे नहीं उतरेगी।

टॉवर पर युवती को देखकर गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने काफी देर तक उसे समझाया और भरोसा दिलाया कि दोनों परिवारों से बात कर समाधान निकालने की कोशिश की जाएगी।

थाने में दोनों पक्षों के बीच चली बातचीत

युवती के नीचे उतरने के बाद पुलिस उसे थाने लेकर पहुंची। इसके बाद युवक और दोनों परिवारों को भी बुलाया गया। थाने में कई घंटों तक बातचीत का दौर चलता रहा। सूत्रों के मुताबिक युवती के परिवार ने सामाजिक प्रतिष्ठा और जातिगत भिन्नता का हवाला देते हुए जल्दबाजी में निर्णय लेने पर आपत्ति जताई। वहीं युवक पक्ष ने भी मामले को शांतिपूर्वक सुलझाने की बात कही।

पुलिस बोली आपसी सहमति से समाधान का प्रयास

बड़ागांव थाना प्रभारी ने बताया कि युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। फिलहाल दोनों परिवारों के बीच बातचीत कराई जा रही है ताकि आपसी सहमति से समाधान निकाला जा सके। पुलिस का कहना है कि यदि किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दी जाती है, तो जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *