वाराणसी (रणभेरी): भारतीय जनता पार्टी द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय का पुतला दहन किए जाने के विरोध में रविवार को वाराणसी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर एकत्र होकर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के प्रतीकात्मक चित्रों को जलाकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। इस दौरान “सरकार विरोधी रवैया बंद करो”, “लोकतंत्र की हत्या नहीं चलेगी” और “तानाशाही नहीं सहेंगे” जैसे नारे लगातार गूंजते रहे।

कांग्रेस के स्थानीय नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा विपक्षी नेताओं के खिलाफ इस तरह की कार्रवाइयों के जरिए लोकतांत्रिक परंपराओं को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उनका कहना था कि कांग्रेस किसी भी दबाव में झुकने वाली नहीं है और जनता के मुद्दों को लेकर उसका संघर्ष जारी रहेगा।
प्रदर्शन का नेतृत्व महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे तथा जिला अध्यक्ष राजेश्वर पटेल ने किया। दोनों नेताओं ने कहा कि विपक्ष की आवाज दबाने के प्रयास राजनीतिक असहिष्णुता को दर्शाते हैं और यह प्रवृत्ति लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है।
नेताओं ने आगे प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध, बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दे लगातार बढ़ रहे हैं, जबकि सरकार जनता से जुड़े मूलभूत सवालों से ध्यान हटाने में लगी है।
इसी कार्यक्रम के दूसरे चरण में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महोबा में एक दलित पीड़िता से जुड़ी घटना को लेकर भी प्रदर्शन किया। इस मामले में न्याय की मांग करते हुए कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर ज्ञापन सौंपा, जिसे उपजिलाधिकारी को राज्यपाल के नाम प्रेषित किया गया।

ज्ञापन में मांग की गई कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषियों के खिलाफ तुरंत कठोर कार्रवाई की जाए, पीड़िता के मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए तथा पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, सुरक्षा एवं पुनर्वास प्रदान किया जाए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश में दलितों, महिलाओं और कमजोर वर्गों पर हो रहे कथित अत्याचार चिंता का विषय हैं। उन्होंने राज्यपाल से इस मामले में हस्तक्षेप कर न्याय सुनिश्चित कराने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि जब तक पीड़िता को न्याय नहीं मिलता, पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा।
जिला मुख्यालय परिसर में हुए इस विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। पूरा परिसर देर तक राजनीतिक नारों और विरोध प्रदर्शन से गूंजता रहा।
