सिंधोरा क्षेत्र के पेट्रोल पंप पर देर रात दबंगई, मुकदमा दर्ज
वाराणसी (रणभेरी): सिंधोरा थाना क्षेत्र में स्थित एक पेट्रोल पंप पर देर रात दबंगई और धमकी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने पिस्टल दिखाकर कर्मचारियों को डराया, दलित कर्मचारी के साथ जातिसूचक अभद्रता की और बिना भुगतान किए पेट्रोल भरवाकर फरार हो गया। घटना के बाद पेट्रोल पंप कर्मचारियों में भय का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार घटना 17 मई की देर रात करीब ढाई बजे गड़बड़ा क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप की है। पेट्रोल पंप संचालक विशाल कुमार सोनकर की ओर से दी गई तहरीर में बताया गया कि क्षेत्र निवासी विवेक उपाध्याय उर्फ गोलू बाइक से पेट्रोल पंप पर पहुंचा। आरोप है कि वहां पहुंचते ही उसने कर्मचारियों पर रौब जमाना शुरू कर दिया और पिस्टल निकालकर धमकाने लगा। इसी दौरान उसने एक कर्मचारी के साथ जातिसूचक टिप्पणियां करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
शिकायत के मुताबिक आरोपी ने कर्मचारियों में दहशत पैदा कर जबरन अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाया और पैसे मांगने पर जान से मारने तथा पेट्रोल पंप लूटने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।
पेट्रोल पंप संचालक ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई थी, लेकिन शुरुआती स्तर पर कार्रवाई नहीं हुई। बाद में उच्च अधिकारियों से शिकायत किए जाने के बाद मामले ने तूल पकड़ा। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
संचालक विशाल कुमार सोनकर ने बताया कि आरोपी क्षेत्र का रहने वाला है और उसके खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जाते हैं। घटना के बाद पेट्रोल पंप के कर्मचारी भयभीत हैं और सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं।
मंगलवार को पुलिस उपायुक्त गोमती ज़ोन ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं सिंधोरा थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
