हरहुआ के गढ़वा गांव में देर रात चोरी, नकदी और जेवरात लेकर फरार हुए बदमाश

हरहुआ के गढ़वा गांव में देर रात चोरी, नकदी और जेवरात लेकर फरार हुए बदमाश

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी जनपद के बड़ागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत हरहुआ पुलिस चौकी इलाके के गढ़वा गांव में बुधवार देर रात चोरी की बड़ी घटना सामने आई। अज्ञात चोर एक घर में घुसकर हजारों रुपये नकद समेत लाखों के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गढ़वा गांव निवासी प्रदीप कुमार प्रजापति जल जीवन मिशन में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं। बुधवार शाम क्षेत्र में तेज आंधी और बारिश के चलते बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। गर्मी और उमस अधिक होने के कारण प्रदीप कुमार घर के बाहर सो रहे थे, जबकि उनकी पत्नी आरती देवी बच्चों के साथ मकान की छत पर आराम कर रही थीं।

रात लगभग 12 बजे बिजली आने के बाद आरती देवी बच्चों के साथ नीचे कमरे में आकर सो गईं। इसी दौरान देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच बदमाश घर के पीछे बने शौचालय के सहारे छत पर चढ़ गए। इसके बाद वे सीढ़ियों के रास्ते आंगन में उतरे और कमरे तक पहुंच गए।

हरहुआ के गढ़वा गांव में देर रात चोरी, नकदी और जेवरात लेकर फरार हुए बदमाश

बताया जा रहा है कि चोरों ने कमरे में रखी दो अटैचियां और एक लोहे का बक्सा अपने कब्जे में लिया और पीछे का दरवाजा खोलकर फरार हो गए। घर से निकलने के बाद बदमाशों ने पीछे खेत में ले जाकर दोनों अटैचियों के ताले तोड़े, लेकिन उनमें अधिक कीमती सामान नहीं मिला। इसके बाद वे करीब 200 मीटर दूर नहर किनारे पहुंचे और वहां लोहे का बक्सा तोड़कर उसमें रखे 15 हजार रुपये नकद तथा सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए।

पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी हुए सामान में सोने का मंगलसूत्र, मांगटीका, कान की बाली, नथिया समेत कई कीमती आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा चांदी की करधनी, पायल, मेहंदीफूल और बच्चों के चांदी के कड़े भी बदमाश उठा ले गए।

घटना का पता उस समय चला जब तड़के करीब 3 बजे आरती देवी की नींद खुली और उन्होंने घर का पिछला दरवाजा खुला देखा। कमरे का सामान अस्त-व्यस्त मिलने पर परिवार के होश उड़ गए। आसपास तलाश करने पर खेत और नहर किनारे टूटे बक्से और अटैचियां मिलीं।

सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाद में हरहुआ पुलिस चौकी की टीम ने भी जांच-पड़ताल की। पीड़ित प्रदीप कुमार प्रजापति ने मामले की लिखित शिकायत पुलिस को सौंप दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ संदिग्ध गतिविधियों की जांच में जुटी हुई है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *