वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक युवा MBBS डॉक्टर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना थाना लंका के सामने स्थित शिवम कॉम्प्लेक्स की है, जहां डॉक्टर का शव कमरे में दुपट्टे के सहारे लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतका की पहचान रूचिका मौर्या के रूप में हुई है। वह देहरादून से MBBS की पढ़ाई पूरी कर चुकी थीं और इन दिनों MD में प्रवेश के लिए होने वाली NEET PG परीक्षा की तैयारी कर रही थीं। शुरुआती जांच में पढ़ाई और भविष्य को लेकर तनाव की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह तक सबकुछ सामान्य था। पिता अवनींद्र नाथ मौर्या रोज की तरह कचहरी चले गए थे। शाम को वापस लौटने पर फ्लैट का मुख्य दरवाजा खुला मिला, लेकिन रूचिका का कमरा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उन्होंने बेटी को कई बार फोन किया, मगर कॉल रिसीव नहीं हुई।

इसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर का दृश्य देखकर परिवार के होश उड़ गए। रूचिका कमरे में स्टूल के ऊपर खड़ी होकर दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर झूल रही थीं। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार, इंस्पेक्टर लंका और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं फॉरेंसिक टीम ने कमरे से साक्ष्य जुटाए और पूरे घटनास्थल की जांच की।
पिता ने बताया कि रूचिका पिछले काफी समय से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में जुटी थीं। पढ़ाई को लेकर वह गंभीर रहती थीं, लेकिन परिवार को कभी ऐसा नहीं लगा कि वह किसी गहरे तनाव में हैं। उन्होंने कहा कि आजकल बच्चे अपने मन की बात खुलकर नहीं बताते। सुबह बेटी के साथ नाश्ता भी किया था, तब सब सामान्य लग रहा था।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मोबाइल और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक रूचिका शांत स्वभाव की थीं और ज्यादातर समय पढ़ाई में व्यस्त रहती थीं। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
