कर्ज के बोझ में डूबे टीचर ने CSC में डाली डकैती की कोशिश, पिस्टल तानकर मांगे रुपए; लोगों ने दौड़ाकर पकड़ा

कर्ज के बोझ में डूबे टीचर ने CSC में डाली डकैती की कोशिश, पिस्टल तानकर मांगे रुपए; लोगों ने दौड़ाकर पकड़ा

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक निजी स्कूल के शिक्षक ने जनसेवा केंद्र (CSC) में लूट की कोशिश कर सनसनी फैला दी। आरोपी ने केंद्र संचालक पर पिस्टल तानकर गल्ले का पैसा मांग लिया, लेकिन संचालक की सूझबूझ और स्थानीय लोगों की सतर्कता से आरोपी मौके पर ही पकड़ लिया गया। भीड़ ने उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।

घटना काजीसराय इलाके की है, जहां जावेद अली अपने मकान में जनसेवा केंद्र संचालित करते हैं। शनिवार रात करीब 8 बजे वह दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान बाइक से पहुंचे युवक ने कैश निकालने की बात कही। संचालक ने दुकान बंद होने की बात कहकर मना कर दिया, लेकिन युवक करीब 15 मिनट तक दुकान के भीतर और बाहर संदिग्ध तरीके से घूमता रहा।

कुछ देर बाद उसने अचानक कमर से पिस्टल निकालकर जावेद अली पर तान दी और गल्ले में रखी रकम सौंपने की धमकी दी। आरोपी ने कहा कि यदि पैसे नहीं दिए तो गोली मार देगा। पिस्टल देखकर संचालक घबरा गया, लेकिन उसने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को बातों में उलझाया और पीछे कमरे से कैश लाने का बहाना बनाकर निकल गया।

कर्ज के बोझ में डूबे टीचर ने CSC में डाली डकैती की कोशिश, पिस्टल तानकर मांगे रुपए; लोगों ने दौड़ाकर पकड़ा

पीछे पहुंचते ही उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। खुद को घिरता देख आरोपी भागने लगा, लेकिन लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। भीड़ ने उसकी जमकर पिटाई की और पिस्टल छीन ली। बाद में सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पुलिस जांच में आरोपी की पहचान गौतम पटेल के रूप में हुई है, जो शिवपुर क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल में शिक्षक है। पुलिस ने उसके कब्जे से पिस्टल और बाइक बरामद कर ली है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह भारी कर्ज में डूबा हुआ है। उसने बेहतर नौकरी दिलाने के नाम पर किसी व्यक्ति को उधार लेकर बड़ी रकम दी थी। हर महीने करीब 25 हजार रुपए की किश्त भरनी पड़ती है, जबकि स्कूल से उसे मात्र 13 हजार रुपए वेतन मिलता है। आर्थिक तंगी और कर्ज के दबाव में उसने लूट की योजना बनाई।

बड़ागांव थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि जनसेवा केंद्र संचालक की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी का कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि उसके पास पिस्टल कहां से आई।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *