वाराणसी (रणभेरी): शहर के सिगरा थाना क्षेत्र स्थित मलदहिया चौराहे के पास शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब विनायक प्लाजा परिसर में एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
सूचना मिलते ही सिगरा थाना प्रभारी संजय मिश्रा तथा रोडवेज चौकी प्रभारी कुमार गौरव सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना से जुड़े अहम सुराग मिल सकें।
घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया जा रहा है और हर संभावित पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर दहशत और जिज्ञासा दोनों का माहौल बना हुआ है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
