मासूम सवाल और बुझती ज़िंदगियां: एक साथ जलीं पति-पत्नी की चिताएं, गांव में पसरा मातम

मासूम सवाल और बुझती ज़िंदगियां: एक साथ जलीं पति-पत्नी की चिताएं, गांव में पसरा मातम

(रणभेरी): चोलापुर थाना क्षेत्र के अजगरा गांव में उस समय गहरा दुख छा गया, जब सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले दंपती का अंतिम संस्कार एक साथ किया गया। चंद्रावती घाट पर जब पति और पत्नी की चिताएं एक साथ जलीं, तो वहां मौजूद हर व्यक्ति भावुक हो उठा।

मृतकों की पहचान 30 वर्षीय विवेक राजभर और उनकी पत्नी ममता के रूप में हुई है। दोनों राजस्थान में एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। परिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वे 5 मई को गाजीपुर के औड़िहार क्षेत्र जा रहे थे। इस दौरान उनके साथ उनके मित्र हरिराम भी मौजूद थे।

बताया जा रहा है कि सोमवार तड़के करीब 3 बजे दादरी इलाके के शाहपुर अंडरपास के पास उनकी कार की एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में विवेक, ममता और उनके मित्र हरिराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दंपती की 6 वर्षीय बेटी परी गंभीर रूप से घायल हो गई। मंगलवार दोपहर दोनों का अंतिम संस्कार एक साथ किया गया। इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।

परिवार की स्थिति बेहद मार्मिक है। विवेक का 9 वर्षीय बेटा अंश एक माह पहले ही अपने ननिहाल, चंदवक (जौनपुर) गया हुआ था, जबकि बेटी परी इस हादसे में घायल हो गई। जब बच्चों ने अपने माता-पिता को निश्चल अवस्था में देखा, तो वे समझ ही नहीं सके कि अब उनके माता-पिता कभी वापस नहीं आएंगे। दोनों मासूम बार-बार उन्हें उठाने की कोशिश करते रहे और मासूमियत भरे सवाल पूछते रहे-“मम्मी-पापा कब उठेंगे?” इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है और हर आंख नम है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *