(रणभेरी): मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर दौरे के दौरान शिक्षामित्रों को सम्मानित किया और उन्हें बढ़े हुए 18 हजार रुपये मानदेय के चेक सौंपे। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए शहर में हुए बदलावों पर भी प्रकाश डाला।
इसी बीच महेसरा क्षेत्र में मछली मंडी को लेकर मुख्यमंत्री ने मंच से हल्के-फुल्के अंदाज में गोरखपुर सांसद रवि किशन का जिक्र करते हुए चुटकी ली। उन्होंने कहा कि पहले इस इलाके में अक्सर जाम की स्थिति रहती थी, जिसे लेकर लोग अलग तरह की चर्चा करते थे। इस पर मौजूद सांसद रवि किशन ने मुस्कुराते हुए स्वयं को शाकाहारी बताया और हाथ जोड़कर प्रतिक्रिया दी। कार्यक्रम में मौजूद लोग इस पूरे प्रसंग पर हंसते नजर आए।

मुख्यमंत्री ने रवि किशन को मिली मानद पीएचडी उपाधि का उल्लेख करते हुए भी व्यंग्यात्मक अंदाज में बात की। उन्होंने कहा कि यह एक मानद उपाधि है, जिसे केवल प्रतीकात्मक रूप से उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी डिग्रियों के आधार पर कोई औपचारिक नौकरी की पात्रता नहीं बनती। उनके इस बयान पर भी कार्यक्रम स्थल पर ठहाके गूंज उठे। अंत में मुख्यमंत्री ने रवि किशन को सम्मानित उपाधि के लिए बधाई भी दी।
कार्यक्रम के दौरान सांसद रवि किशन ने खड़े होकर मुख्यमंत्री का अभिवादन किया।
गोरखपुर के बदलते स्वरूप पर बोले सीएम
इसी अवसर पर एक अन्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले गोरखपुर को माफिया और अव्यवस्था के लिए जाना जाता था, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि आज शहर में निवेश बढ़ा है और रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं। मुख्यमंत्री ने गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा), एम्स, आयुष विश्वविद्यालय, पिपराइच चीनी मिल और अन्य परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि शहर अब तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सार्वजनिक सुविधाओं की सुरक्षा में सहयोग करें और शहर की स्वच्छता व संरचना को बनाए रखने में भागीदार बनें।
टू-लेन पुल का उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने तारामंडल क्षेत्र में वसुंधरा एन्क्लेव-2 और 3 को जोड़ने वाले वाटर बॉडी पर बने दो-लेन पुल का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र में कभी बाढ़ और अव्यवस्था की स्थिति रहती थी, वह अब शहर के सबसे विकसित और महंगे इलाकों में शामिल हो चुका है। उन्होंने रामगढ़ताल क्षेत्र के सौंदर्यीकरण, पर्यटन विकास, रिंग रोड और बेहतर कनेक्टिविटी का भी उल्लेख किया और इसे गोरखपुर की नई पहचान बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ लंबे समय तक बना रहे, इसके लिए जनता को भी जिम्मेदारी निभानी होगी।
