वाराणसी (रणभेरी): यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के गनर प्रशांत राय (29) को वाराणसी पुलिस ने दुष्कर्म के गंभीर आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ चार साल तक शारीरिक संबंध बनाए और इस दौरान दो बार गर्भपात भी कराया। पीड़िता के अनुसार, प्रशांत राय ने उसे प्रेम जाल में फंसाया और शादी का वादा किया। इस भरोसे पर उसने लगातार संबंध बनाए रखे, लेकिन जब भी वह गर्भवती हुई, आरोपी ने उसे गर्भपात कराने के लिए मजबूर किया। युवती का आरोप है कि इस दौरान आरोपी उसे लगातार शादी का आश्वासन देता रहा।
मामले ने उस वक्त नया मोड़ लिया जब युवती को आरोपी की शादी की जानकारी मिली। उसने बताया कि 25 अप्रैल को प्रशांत राय ने प्रयागराज में चुपचाप किसी अन्य लड़की से शादी कर ली। इसकी जानकारी उसे सोशल मीडिया के जरिए मिली, जब एक दोस्त ने शादी की तस्वीरें साझा कीं।
इस बारे में पूछने पर आरोपी टालमटोल करता रहा, जिसके बाद पीड़िता ने 4 मई को सारनाथ थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को पूछताछ के लिए बुलाया और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी सिपाही के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।
