मेरठ के रोशनपुर डोरली में दर्दनाक हादसा: मकान में आग से पिता-बेटी की मौत, 10 लोग झुलसे

मेरठ के रोशनपुर डोरली में दर्दनाक हादसा: मकान में आग से पिता-बेटी की मौत, 10 लोग झुलसे

(रणभेरी): पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के रोशनपुर डोरली गांव में रविवार देर रात एक रिहायशी मकान में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में 8 वर्षीय बच्ची और उसके पिता की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि दो परिवारों के करीब 10 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।

जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब मकान में रहने वाले लोग गहरी नींद में थे। अचानक लगी आग ने कुछ ही पलों में पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया और चारों ओर धुआं फैल गया, जिससे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।

मेरठ के रोशनपुर डोरली में दर्दनाक हादसा: मकान में आग से पिता-बेटी की मौत, 10 लोग झुलसे

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद अंदर फंसे सभी 12 लोगों को बाहर निकाला और उन्हें तुरंत अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों ने सागर गिरी (35) और उनकी 8 वर्षीय बेटी शिवानी को मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि दोनों की मौत फेफड़ों में अधिक धुआं भर जाने से हुई।

मकान में दो परिवार किराए पर रह रहे थे। पहले परिवार में सागर गिरी अपनी मां, पत्नी और बच्चों के साथ रहते थे, जबकि दूसरे परिवार में संजय अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रह रहा था। घटना के समय संजय घर पर मौजूद नहीं थे।

मेरठ के रोशनपुर डोरली में दर्दनाक हादसा: मकान में आग से पिता-बेटी की मौत, 10 लोग झुलसे

अधिकारियों के अनुसार, आग में दोनों परिवारों के कई सदस्य झुलस गए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। एक अन्य व्यक्ति, जो उस समय घर पर मौजूद था, उसे भी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग रात करीब डेढ़ बजे के आसपास लगी और तेजी से फैल गई। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि मकान में टेंट हाउस का सामान और ज्वलनशील सामग्री मौजूद थी, जिससे आग और तेजी से भड़क गई।

अधिकारियों ने यह भी आशंका जताई है कि इलेक्ट्रिक स्कूटी की चार्जिंग के दौरान हुए शॉर्ट सर्किट से आग लगी हो सकती है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना सामने आई है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *