वाराणसी में पुरानी रंजिश में परिवार पर हमला, महिलाओं सहित कई घायल, घर में तोड़फोड़

वाराणसी में पुरानी रंजिश में परिवार पर हमला, महिलाओं सहित कई घायल, घर में तोड़फोड़

वाराणसी (रणभेरी): बड़ागांव थाना क्षेत्र के औसानपुर गांव में पुरानी आपसी रंजिश के चलते एक परिवार पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। घटना में महिलाओं और बच्चों समेत कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पीड़ित सुवाष, पुत्र स्वर्गीय समोधी, ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि गांव के कुछ लोग लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और हॉकी स्टिक जैसे हथियारों से लैस होकर उनके घर में जबरन घुस आए और परिवार पर हमला कर दिया।

हमले में सुवाष की पत्नी राधिका और पुत्र विक्की के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे दोनों मौके पर ही बेहोश हो गए। इसके अलावा सुवाष, आनंद और परिवार के अन्य सदस्यों को भी चोटें लगी हैं। सभी घायलों का इलाज काजीसराय स्थित धनवंतरी अस्पताल में चल रहा है।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि हमलावरों ने मारपीट के साथ घर में जमकर तोड़फोड़ की और कुछ कीमती सामान भी गायब कर दिया। घटना के बाद घर का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ मिला। परिवार ने यह भी दावा किया है कि उनके पास घटना से जुड़े वीडियो साक्ष्य मौजूद हैं।

आरोप है कि हमलावर संख्या में अधिक थे और प्रभावशाली पृष्ठभूमि से जुड़े हुए हैं। पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि उनमें से एक व्यक्ति, जो पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त बताया जा रहा है, अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर उन्हें झूठे मामलों में फंसाने और जान से मारने की धमकी दे रहा है।

घटना के बाद से पूरा परिवार दहशत में है। पीड़ितों ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में बड़ागांव थानाध्यक्ष प्रवीण सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *