वाराणसी (रणभेरी): Yogi Adityanath मंगलवार शाम वाराणसी पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री शाम 5 बजे के बाद हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन हेलीपैड उतरेंगे और सीधे सर्किट हाउस जाएंगे। यहां थोड़े विश्राम के बाद वह प्रधानमंत्री Narendra Modi के संभावित काशी दौरे की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
पीएम दौरे की तैयारी पर फोकस
मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की चल रही योजनाओं की प्रगति का आकलन करेंगे। साथ ही जिन परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण प्रस्तावित है, उनकी सूची पर विस्तार से चर्चा करेंगे। अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी दिए जा सकते हैं।
कानून-व्यवस्था पर भी होगी समीक्षा
सीएम योगी कानून-व्यवस्था की स्थिति का भी जायजा लेंगे। इस बैठक में प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल रहेंगे। मिली फीडबैक के आधार पर मौके पर ही कार्रवाई के संकेत हैं, जिससे विभागों में हलचल तेज हो गई है।
मंदिरों में करेंगे दर्शन-पूजन
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री Shri Kashi Vishwanath Temple और Kaal Bhairav Temple में दर्शन-पूजन भी करेंगे। इसके साथ ही प्रस्तावित सभा स्थल बीएलडब्ल्यू का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लेंगे।
शहर में लागू रहेगा रूट डायवर्जन
सीएम के आगमन को देखते हुए वाराणसी ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। पुलिस लाइन से सर्किट हाउस, फिर काशी विश्वनाथ धाम और काल भैरव मंदिर तक कई मार्गों पर यातायात नियंत्रित रहेगा। मुड़ैला, मंडुवाडीह, बौलिया, महमूरगंज और लहरतारा रूट पर वाहनों का डायवर्जन किया गया है। भिखारीपुर और बरेका क्षेत्र में भी आवाजाही सीमित रहेगी। कार्यक्रम स्थल के आसपास सामान्य वाहनों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
बड़े वाहनों पर विशेष प्रतिबंध
शाम 4 बजे से टेंपो ट्रैवेलर, बस और अन्य बड़े वाहनों पर कई प्रमुख मार्गों पर रोक लगाई गई है। इन्हें वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा, जिससे वीआईपी मूवमेंट के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु बनी रहे। यातायात से जुड़ी किसी भी असुविधा या जानकारी के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।
