वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी कमिश्नरेट के रोहनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत अखरी पुलिस चौकी के पास स्थित बाईपास सर्विस रोड पर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई। दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें दोनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल ट्रॉमा सेंटर भेजा, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
डिलीवरी के बाद लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, एक बाइक सवार आलोक श्रीवास्तव (27), पुत्र उमाकांत श्रीवास्तव, निवासी खुरमाबाद थाना चिनारी, जिला रोहतास (बिहार) अखरी बाईपास से डाफी की ओर जा रहे थे। वहीं दूसरी बाइक पर राहुल उर्फ काजू पटेल (25), पुत्र बीरेंद्र उर्फ लोटन पटेल, निवासी अखरी, अपनी पत्नी काजल देवी को अस्पताल में डिलीवरी के लिए भर्ती कराकर घर वापस लौट रहा था।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
जैसे ही दोनों वाहन अखरी गांव के सामने सर्विस लेन पर पहुंचे, तेज गति के कारण दोनों बाइकों में आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के आगे के हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और दोनों सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में तोड़ा दम, परिजनों में कोहराम
मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से दोनों घायलों को तुरंत ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद दोनों को बचाया नहीं जा सका। इलाज के दौरान दोनों युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया है और गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
