मुंबई मीरा रोड में चाकूबाजी: धर्म पूछकर दो सुरक्षा गार्डों पर हमला, आरोपी गिरफ्तार

मुंबई मीरा रोड में चाकूबाजी: धर्म पूछकर दो सुरक्षा गार्डों पर हमला, आरोपी गिरफ्तार

(रणभेरी): मुंबई के मीरा रोड स्थित नया नगर क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने दो सुरक्षा गार्डों पर चाकू से हमला कर दिया। घटना सोमवार तड़के करीब 4 बजे एक निर्माणाधीन इमारत के पास हुई।

जानकारी के मुताबिक, उस समय गार्ड राजकुमार मिश्रा और सुब्रतो रमेश सेन ड्यूटी पर मौजूद थे। इसी दौरान आरोपी, जिसकी पहचान 31 वर्षीय जैब जुबेर अंसारी के रूप में हुई है, वहां पहुंचा और पहले इलाके में एक धार्मिक स्थल का रास्ता पूछकर चला गया।

कुछ देर बाद वह दोबारा लौटा और कथित तौर पर एक गार्ड से उसका धर्म पूछा। इसके बाद अचानक उसने चाकू से हमला कर दिया। आरोपी यहीं नहीं रुका, वह केबिन के अंदर भी घुसा और दूसरे गार्ड से धार्मिक शब्द दोहराने को कहा। जब गार्ड ऐसा नहीं कर पाया, तो उस पर भी हमला किया गया। दोनों घायल गार्डों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

मुंबई मीरा रोड में चाकूबाजी: धर्म पूछकर दो सुरक्षा गार्डों पर हमला, आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद नया नगर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी की पहचान की और करीब डेढ़ घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे ठाणे की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 4 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र ATS भी जांच में शामिल हो गई है। एजेंसियों के अनुसार, आरोपी के घर से कुछ लिखित नोट्स, एक लैपटॉप और धार्मिक ग्रंथों की प्रतियां बरामद की गई हैं। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि वह कथित तौर पर इंटरनेट के माध्यम से कट्टरपंथी विचारों से प्रभावित हुआ था और उसने हमले को एक योजनाबद्ध कदम के रूप में अंजाम दिया।

सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने 2000 से 2020 तक अमेरिका में समय बिताया था और बाद में भारत लौट आया। वह पिछले कुछ वर्षों से अकेले रहकर ऑनलाइन पढ़ाई से जुड़े कार्य कर रहा था। पुलिस और एटीएस अब उसके डिजिटल डिवाइस और संपर्कों की गहन जांच कर रही हैं ताकि पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ा जा सके।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *