वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के कैंटोनमेंट इलाके में फुलवरिया के पास फ्लाईओवर पर रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया। चलती कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते कार के आगे का हिस्सा धधकने लगा। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत गाड़ी सड़क किनारे रोक दी, जिसके बाद उसमें सवार सभी लोग बाहर निकल आए और अपनी जान बचाई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह लपटों में घिर गया। करीब 20 मिनट तक वाहन जलता रहा। इसी दौरान वहां से गुजर रहे सेना के दो जवानों और स्थानीय लोगों ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग बुझने के बाद जब लोगों ने कार का बोनट खोला तो सामने का हिस्सा बुरी तरह जल चुका था। जानकारी के मुताबिक, कार का नंबर 61 AW 7795 है।
बताया जा रहा है कि वाहन सवार लोग हाथरस से काशी आए थे।प्रारंभिक अनुमान है कि लगातार लंबी दूरी तय करने और भीषण गर्मी के कारण इंजन के अत्यधिक गर्म हो जाने से यह हादसा हुआ। फिलहाल, घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन कार को काफी नुकसान पहुंचा है।
