पंजाब मेल एक्सप्रेस से 400 जंगली तोतों की तस्करी नाकाम, जीआरपी-आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई

पंजाब मेल एक्सप्रेस से 400 जंगली तोतों की तस्करी नाकाम, जीआरपी-आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी कैंट जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब मेल एक्सप्रेस ट्रेन से करीब 400 जंगली तोते बरामद किए हैं। ये तोते अवैध रूप से तस्करी कर अमेठी से पश्चिम बंगाल के वर्धमान ले जाए जा रहे थे।जीआरपी इंस्पेक्टर राजोल नागर ने बताया कि वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी संस्था बर्ड लाइफ से सूचना मिली थी कि एक तस्कर बड़ी संख्या में जंगली तोतों को ट्रेन के जरिए पश्चिम बंगाल ले जाने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में सघन चेकिंग अभियान चलाया।

चेकिंग के दौरान पंजाब मेल एक्सप्रेस के एक कोच में संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से बोरों और पिंजरों में बंद 400 जंगली तोते बरामद हुए। सभी तोते जिंदा थे, लेकिन उन्हें बेहद तंग और अमानवीय हालात में रखा गया था।

वन विभाग को सौंपे गए सभी तोते

जीआरपी इंस्पेक्टर ने बताया कि बरामद सभी तोते जंगली प्रजाति के हैं, जिनका व्यापार और परिवहन कानूनन अपराध है। मामले की सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तोतों की प्रजाति, स्वास्थ्य स्थिति व तस्करी से जुड़े पहलुओं की जांच शुरू की।वन विभाग की ओर से तस्कर के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बरामद तोतों को सुरक्षित स्थान पर भेजने और उनके पुनर्वास की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।इस कार्रवाई से वन्यजीव तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान को बड़ी सफलता मिली है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *