वाराणसी (रणभेरी): प्रसिद्ध अभिनेता Ashish Vidyarthi इन दिनों Varanasi के दौरे पर हैं। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने विश्वविख्यात Kashi Vishwanath Dham पहुंचकर बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए और मंदिर परिसर का विस्तार से अवलोकन किया। दर्शन के पश्चात उन्होंने धाम की भव्यता, स्वच्छता और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं की सराहना की।
मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने अभिनेता का गर्मजोशी से स्वागत किया। कई प्रशंसकों ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। खास बात यह रही कि आशीष विद्यार्थी यहां किसी विशेष अतिथि की तरह नहीं, बल्कि एक आम श्रद्धालु के रूप में पहुंचे।

अपने दो दिवसीय वाराणसी प्रवास के दौरान उन्होंने शहर की मशहूर खान-पान परंपरा का भी आनंद लिया। इस दौरान वे चर्चित Deena Chaat Bhandar पहुंचे, जहां उन्होंने बनारसी चाट का स्वाद लिया और स्थानीय व्यंजनों की खुलकर तारीफ की।
“काशी एक जीवंत अनुभव है” -अभिनेता ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इससे पहले वे वेब सीरीज की शूटिंग के सिलसिले में रामनगर आए थे, जहां उन्होंने लस्सी का आनंद लिया और शहर की खूबसूरती को करीब से देखा। उनके अनुसार काशी एक जीवंत और आध्यात्मिक ऊर्जा से भरपूर शहर है, जहां आने से मन को विशेष शांति मिलती है। उन्होंने यह भी कहा कि यहां हर व्यक्ति से कुछ नया सीखने को मिलता है।
फिल्मी सफर और उपलब्धियां
आशीष विद्यार्थी हिंदी सिनेमा के प्रतिष्ठित कलाकारों में गिने जाते हैं। उन्होंने हिंदी सहित कई भारतीय भाषाओं में 300 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने फिल्म सरदार से की, जबकि द्रोहकाल उनकी पहली रिलीज़ फिल्म रही। इस फिल्म के लिए उन्हें वर्ष 1995 में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार (सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता) से सम्मानित किया गया था।

निजी जीवन और डिजिटल उपस्थिति
व्यक्तिगत जीवन की बात करें तो उन्होंने पहले राजोशी बरुआ से विवाह किया था, जिनसे उनका एक पुत्र है। वर्ष 2023 में उन्होंने रुपाली बरुआ के साथ दूसरी शादी की। अभिनय के अलावा वे ‘AVID Miner Conversations’ से भी जुड़े हैं, जो विभिन्न संगठनों के लिए इंटरैक्टिव लर्निंग कार्यक्रम तैयार करता है।
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी आशीष विद्यार्थी काफी सक्रिय हैं। उनका एक लोकप्रिय यूट्यूब चैनल है, जहां वे यात्रा और खान-पान से जुड़े वीडियो साझा करते रहते हैं और अपने खास अंदाज में खाने के प्रति अपने उत्साह को दर्शाते हैं।
