पूर्व सांसद धनंजय सिंह पर जानलेवा हमले का मामला अंतिम चरण में, फैसले पर टिकी निगाहें

पूर्व सांसद धनंजय सिंह पर जानलेवा हमले का मामला अंतिम चरण में, फैसले पर टिकी निगाहें

वाराणसी (रणभेरी): पूर्व सांसद धनंजय सिंह से जुड़े 24 वर्ष पुराने जानलेवा हमले के मामले में अदालत में सुनवाई अंतिम चरण में पहुंच गई है। बहस पूरी हो चुकी है और अब सभी पक्षों की निगाहें फैसले पर टिकी हुई हैं।

शुक्रवार को हुई सुनवाई के दौरान पूर्व सांसद स्वयं अदालत पहुंचे और कार्यवाही में हिस्सा लिया। सुनवाई के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि बचाव पक्ष की ओर से सभी जरूरी दलीलें अदालत के समक्ष रखी जा चुकी हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अब जल्द ही निर्णय आएगा और उन्हें न्याय मिलेगा।

जानें मामला क्या है

यह मामला 4 अक्टूबर 2002 का है। आरोपों के अनुसार, तत्कालीन विधायक और पूर्व सांसद धनंजय सिंह अपने सहयोगियों के साथ सफारी वाहन से जौनपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र स्थित नदेसर इलाके में टकसाल सिनेमा हॉल के पास एक बोलेरो से उतरे कुछ लोगों ने कथित तौर पर उन पर और उनके काफिले पर फायरिंग कर दी।

इस हमले में धनंजय सिंह, उनके गनर और चालक समेत कई लोग घायल हो गए थे। घायलों को तत्काल मलदहिया स्थित सिंह मेडिकल में भर्ती कराया गया था। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए थे।

जांच के दौरान पुलिस ने कई लोगों के नाम सामने आने पर उन्हें आरोपी बनाया था। इनमें अभय सिंह सहित अन्य आरोपियों के नाम शामिल हैं। पुलिस ने विवेचना पूरी कर अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया था। अब लंबे समय से चल रही इस सुनवाई का अंतिम चरण पूरा हो चुका है और अदालत के फैसले का इंतजार किया जा रहा है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *