वाराणसी में मोबाइल चोरी और यूपीआई फ्रॉड करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 9 फोन बरामद

वाराणसी में मोबाइल चोरी और यूपीआई फ्रॉड करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 9 फोन बरामद

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी कमिश्नरेट के आदमपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मोबाइल चोरी कर बैंक खातों से यूपीआई के जरिए रुपये निकालने वाले एक गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 9 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत की गई। पुलिस उपायुक्त (काशी जोन) के मार्गदर्शन तथा अपर पुलिस उपायुक्त एवं सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली के पर्यवेक्षण में आदमपुर पुलिस, सर्विलांस सेल और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने यह सफलता हासिल की।

जानकारी के मुताबिक, आदमपुर थाने में दर्ज मुकदमे (मु0अ0सं0-059/2026) की जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने 8 अप्रैल 2026 को मड़ुआडीह क्षेत्र के महेशपुर इंडस्ट्रियल एरिया से दोनों आरोपियों को दबोच लिया।

घटना का तरीका

पीड़ित द्वारा दी गई तहरीर में बताया गया था कि 11 मार्च को सुबह घर से लखनऊ जाते समय रास्ते में उसका मोबाइल चोरी हो गया। बाद में जानकारी मिली कि चोरों ने उसके नाम से सिम को किसी अन्य नेटवर्क में पोर्ट करवा लिया और फिर फर्जी यूपीआई आईडी बनाकर विभिन्न बैंक खातों से करीब डेढ़ लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर निकाल लिए।

पूछताछ में खुलासा

गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे अलग-अलग स्थानों से मोबाइल चोरी करते थे। मोबाइल का लॉक तोड़कर या सिम निकालकर उसमें मौजूद जानकारी का उपयोग कर यूपीआई आईडी बनाते या पासवर्ड रीसेट करते थे। इसके बाद वे बैंक खातों से पैसे निकालकर जन सुविधा केंद्र या अन्य माध्यमों से नकदी में बदल लेते थे।

अगर किसी खाते में बड़ी रकम होती और तुरंत निकासी संभव नहीं होती, तो वे सिम को दूसरे नेटवर्क में पोर्ट कराकर उसे सक्रिय रखते थे ताकि लेन-देन जारी रह सके। बाद में चोरी किए गए मोबाइलों को बेच भी दिया जाता था।

गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने जिन दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान इस प्रकार है—

  • आशीष पाल, निवासी सरैया नं. 2, जयरामपुर, थाना चौबेपुर, वाराणसी (उम्र लगभग 26 वर्ष)
  • विनोद यादव, निवासी भजईपुर खमरिया, थाना औराई, जनपद भदोही (उम्र लगभग 40 वर्ष)

पुलिस ने बताया कि दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *