मण्डलीय अस्पताल में तीन महीने में 1.73 लाख मरीजों का इलाज

मण्डलीय अस्पताल में तीन महीने में 1.73 लाख मरीजों का इलाज

निःशुल्क सीटी स्कैन सहित हजारों जांचों से मरीजों को राहत

वाराणसी (रणभेरी): कबीरचौरा स्थित एसएसपीजी मण्डलीय जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं पर लोगों का भरोसा लगातार बढ़ता जा रहा है। वर्ष 2026 के पहले तीन महीनों में ही यहां 1 लाख 73 हजार 564 ओपीडी मरीजों ने उपचार कराया, जबकि 5875 मरीजों को भर्ती कर इलाज किया गया। पूर्वांचल ही नहीं, आसपास के राज्यों से भी बड़ी संख्या में मरीज यहां पहुंच रहे हैं।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार इस अवधि में कुल 1914 मेजर व माइनर ऑपरेशन किए गए, वहीं 1144 मरीजों का प्लास्टर किया गया। जांच सुविधाओं की बात करें तो 6 लाख 13 हजार 360 पैथोलॉजिकल जांचें की गईं, जो अस्पताल की बढ़ती कार्यक्षमता को दर्शाती हैं। इसके अलावा 3551 मरीजों ने निःशुल्क सीटी स्कैन का लाभ उठाया, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को बड़ी राहत मिली।

इसी अवधि में 4535 अल्ट्रासाउंड, 19,115 एक्स-रे और 2836 ईसीजी जांचें भी की गईं। अस्पताल के एसआईसी डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल टीम पूरी निष्ठा के साथ मरीजों की सेवा में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद अस्पताल लगातार बेहतर सेवाएं देने का प्रयास कर रहा है। मरीजों की बढ़ती संख्या इस बात का प्रमाण है कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में लोगों का भरोसा मजबूत हो रहा है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *