वाराणसी में टप्पेबाज गिरोह का भंडाफोड़, 10 आरोपी गिरफ्तार

वाराणसी में टप्पेबाज गिरोह का भंडाफोड़, 10 आरोपी गिरफ्तार

वाराणसी (रणभेरी): शहर में सक्रिय टप्पेबाजी गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कैंट थाना क्षेत्र में पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 10 शातिर टप्पेबाजों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी बिहार के बेगूसराय जिले के निवासी बताए जा रहे हैं, जो गिरोह बनाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों में वारदात को अंजाम देते थे।

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह लग्जरी वाहनों का इस्तेमाल कर बैंकों के आसपास रेकी करता था। जैसे ही कोई व्यक्ति बैंक से नकदी निकालकर बाहर निकलता, गिरोह के सदस्य उस पर गंदा पानी या छोले का घोल डाल देते थे। इसके बाद सफाई के बहाने भीड़ इकट्ठा कर ली जाती और इसी दौरान उनका साथी चुपचाप नकदी लेकर फरार हो जाता था।

एसीपी कैंट नितिन तनेजा ने बताया कि इस गिरोह के खिलाफ पहले से ही एक मुकदमा दर्ज था, जिसमें दो संदिग्धों की पहचान की गई थी। उनकी तलाश में पुलिस टीम लगातार जुटी हुई थी। इसी बीच सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध कैंट रेलवे स्टेशन के पास मौजूद हैं और कहीं जाने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में जितेन्द्र मिश्रा, मृत्युंजय कुमार सिंह, कुनाल कुमार तिवारी, राजू पांडेय, राजेश्वर तिवारी, राहुल तिवारी, सूरज तिवारी, संजय तिवारी, मुकुल तिवारी और रिक्की उर्फ अनिकेत तिवारी शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अलग-अलग शहरों में इस तरह की वारदातों को अंजाम देते रहे हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बिहार के कई जिलों में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल सभी को संबंधित धाराओं में जेल भेज दिया गया है और उनके आपराधिक नेटवर्क की जांच जारी है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *