कानपुर: सेक्स रैकेट में शामिल दो कांस्टेबल निलंबित, सरगना की बर्थडे पार्टी का वीडियो वायरल

कानपुर: सेक्स रैकेट में शामिल दो कांस्टेबल निलंबित, सरगना की बर्थडे पार्टी का वीडियो वायरल

(रणभेरी): शहर में चल रहे बड़े सेक्स रैकेट के खुलासे के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो कांस्टेबल्स को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई उस समय हुई जब आरोपी सरगना रोहित वर्मा की बर्थडे पार्टी में दोनों कांस्टेबल्स के वीडियो सामने आए।

डीसीपी साउथ, दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि वीडियो पुराना है और उस समय दोनों कांस्टेबल बर्रा थाने में तैनात थे। वीडियो में देखा जा सकता है कि रोहित वर्मा पार्टी कर रहा है और दोनों कांस्टेबल केक काटते और जश्न मनाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सार्वजनिक होने के बाद दोनों को तत्काल निलंबित कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने किया बड़ा छापेमारी अभियान

3 अप्रैल को पश्चिम बंगाल की एक युवती कानपुर पुलिस आयुक्त के कार्यालय पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि ‘कोलकाता के दादा’ और रोहित वर्मा ने उसे नौकरी का झांसा देकर कानपुर लाकर जबरिया सेक्स रैकेट में शामिल किया। पीड़िता के अनुसार, वह कई दिन तक बंधक बनाई गई थी और उसे कस्टमर्स के पास भेजा जाता था।

युवती ने अपनी जान बचाकर भागने के बाद पुलिस को पूरी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस आयुक्त के निर्देशन में एडीसीपी क्राइम सुमित रामटेके, एडीसीपी लाइन शिवा सिंह और ट्रेनी आईपीएस सुमेध जाधव की टीमों ने छापेमारी शुरू की। इस अभियान में रोहित वर्मा को गिरफ्तार किया गया। वहीं, ‘कोलकाता के दादा’ की गिरफ्तारी के लिए टीम पश्चिम बंगाल भेजी गई।

होटल्स में चल रहा था नेटवर्क

पुलिस जांच में पता चला कि रोहित वर्मा ने करीब 20 होटल्स के नाम अपने मोबाइल में दर्ज किए थे। इन होटल्स में युवतियों को भेजा जाता था। पुलिस ने होटल बुकिंग रजिस्टर और अन्य दस्तावेज भी जब्त किए हैं। हालांकि, छापेमारी के दौरान कोई पीड़िता नहीं मिली। एडीसीपी लाइन, शिवा सिंह ने कहा कि मामले में अन्य पीड़िताओं और संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *