वाराणसी में दिनदहाड़े चोरी: विरोध करने पर मकान मालिक को पीटकर फरार हुए चोर

वाराणसी में दिनदहाड़े चोरी: विरोध करने पर मकान मालिक को पीटकर फरार हुए चोर

वाराणसी (रणभेरी): मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र चांदपुर-महेशपुर स्थित रघुवंश नगर कॉलोनी में गुरुवार को दिनदहाड़े चोरी की बड़ी घटना सामने आई। बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर घुसे चोरों ने पूरे घर को खंगाल डाला और सामान बोरे में भर लिया। विरोध करने पर मकान मालिक के साथ मारपीट कर आरोपी फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, तीन सगे भाइयों अशोक सिंह, राजकुमार सिंह और राजेश कुमार सिंह—का संयुक्त मकान कॉलोनी में स्थित है। स्वर्गीय अशोक सिंह की पत्नी रेनू सिंह इन दिनों बेटे के साथ बैंगलोर में इलाज के लिए गई हुई हैं, जबकि अन्य दोनों भाई अपने नए मकानों में रह रहे थे। ऐसे में पुराना मकान दिन में खाली रहता था।

गुरुवार सुबह राजेश कुमार सिंह जब मकान पहुंचे और मुख्य दरवाजा खोलकर अंदर गए, तो घर का बिखरा हुआ सामान देखकर दंग रह गए। अंदर घुसते ही उन्होंने देखा कि दो चोर प्लास्टिक के बोरों में सामान भर रहे थे। विरोध करने पर चोरों ने उन पर हमला कर दिया और धक्का देकर गिरा दिया, जिसके बाद वे मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि घर के पांच कमरों की आलमारियां और करीब आधा दर्जन बक्सों के ताले तोड़े गए हैं। पूरे घर में सामान बिखरा पड़ा था। सूचना मिलने पर उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *