फर्जी सेना अधिकारी बनकर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, लाखों की धोखाधड़ी का खुलासा

फर्जी सेना अधिकारी बनकर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, लाखों की धोखाधड़ी का खुलासा

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी में एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया गया है, जो खुद को सेना का अधिकारी बताकर युवाओं से नौकरी दिलाने के नाम पर मोटी रकम वसूलता था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान धर्मेंद्र कुमार पांडेय के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी मूल रूप से चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र स्थित कैली गांव का निवासी है। वह पिछले कुछ समय से वाराणसी के भेलूपुर इलाके में बृज एंक्लेव कॉलोनी में रह रहा था।

जांच में सामने आया है कि धर्मेंद्र खुद को सेना में उच्च पद पर तैनात अधिकारी बताकर लोगों का विश्वास जीतता था। इसके बाद वह सेना, रेलवे और शिक्षा विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवाओं से लाखों रुपये ऐंठता था। ठगी की रकम अलग-अलग मामलों में 1 लाख से लेकर 10 लाख रुपये तक बताई जा रही है।

पुलिस ने आरोपी के पास से 2 मोबाइल फोन, रक्षा मंत्रालय के नाम पर बने 2 फर्जी पहचान पत्र, 3 पैन कार्ड, 3 आधार कार्ड, 2 ड्राइविंग लाइसेंस, 3 डेबिट कार्ड, 2 अंक पत्र और एक शैक्षिक प्रमाण पत्र बरामद किए हैं।

भेलूपुर के एसीपी गौरव कुमार के मुताबिक, यह कार्रवाई सेना से मिले इनपुट के आधार पर की गई। आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस ठगी के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इसका दायरा कितना बड़ा है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *