सुल्तानपुर एनकाउंटर: गैंगरेप का वांटेड आरोपी ढेर

सुल्तानपुर एनकाउंटर: गैंगरेप का वांटेड आरोपी ढेर

एक लाख का इनामी बदमाश तालिब उर्फ आजम पुलिस मुठभेड़ में मारा गया

(रणभेरी): उत्तर प्रदेश में महिला अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत नए साल 2026 के पहले ही सप्ताह में देखने को मिले। सोमवार सुबह सुल्तानपुर में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गैंगरेप मामले में वांटेड आरोपी तालिब उर्फ आजम खान (26) को यूपी पुलिस ने ढेर कर दिया। आजम पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।

यह मुठभेड़ सुल्तानपुर के लंभुआ कोतवाली क्षेत्र स्थित दियारा मोड़ के पास हुई, जहां सुल्तानपुर और लखीमपुर खीरी पुलिस की संयुक्त टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर अभियान चलाया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को घेरकर गिरफ्त में लेने की कोशिश की गई, लेकिन खुद को फंसता देख आजम ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

सुल्तानपुर एनकाउंटर: गैंगरेप का वांटेड आरोपी ढेर

अस्पताल में घोषित मृत

घायल आजम को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

17 आपराधिक मुकदमे थे दर्ज

लखीमपुर खीरी गैंगरेप मामले का आरोपी तालिब उर्फ आजम पुलिस की वांटेड सूची में शामिल था। उस पर कुल 17 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। कांड के बाद से ही पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। हाल ही में उसके ठिकाने की सूचना मिलने पर कार्रवाई तेज की गई, जिसके बाद यह ऑपरेशन अंजाम दिया गया। मारा गया बदमाश तालिब उर्फ आजम पुत्र गफ्फार खान, लखीमपुर खीरी जिले के फरधान थाना क्षेत्र के गौरिया गांव का निवासी था।

सुल्तानपुर एनकाउंटर: गैंगरेप का वांटेड आरोपी ढेर

एसपी के नेतृत्व में चला अभियान

लखीमपुर खीरी गैंगरेप केस के आरोपी के खिलाफ सुल्तानपुर एसपी कुंवर अनुपम सिंह के नेतृत्व में अभियान चलाया जा रहा था। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी। इसी क्रम में सुल्तानपुर और लखीमपुर खीरी पुलिस के संयुक्त प्रयास से आरोपी को पकड़ने की कोशिश की गई, जो मुठभेड़ में समाप्त हुई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *