महराजगंज में मां-बेटे को करैत ने डसा, 11 साल के बच्चे की मौत

महराजगंज में मां-बेटे को करैत ने डसा, 11 साल के बच्चे की मौत

बेड पर गिरा था जहरीला सांप, बच्चे के शोर पर जागी मां तो गाल पर मारा डंक; मौत के बाद शव लेकर गाजीपुर पहुंचे परिजन

(रणभेरी): उत्तर प्रदेश के महराजगंज में शनिवार तड़के एक दर्दनाक घटना सामने आई। चौक थाना क्षेत्र के मधुबनी पोखरा टोला में बेड पर सो रहे मां-बेटे को करैत सांप ने डस लिया। सांप के काटने से 11 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसकी मां की हालत गंभीर बताई जा रही है। महिला को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना शनिवार सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। परिवार के मुताबिक, करैत सांप खिड़की के सहारे कमरे में घुसा और दीवार से होते हुए सीधे बेड पर गिर गया।

महराजगंज में मां-बेटे को करैत ने डसा, 11 साल के बच्चे की मौत

पहले बच्चे को डसा, फिर मां पर किया हमला

परिवार के सदस्य विवेक के मुताबिक, सांप ने सबसे पहले 11 वर्षीय अर्पित के दाहिने हाथ में डसा। दर्द से बच्चे ने शोर मचाया तो पास सो रही उसकी मां सुगंधा की नींद खुल गई। उन्होंने कमरे की लाइट जलाई और बच्चे से पूछताछ करने लगीं। इसी दौरान चादर में छिपे सांप ने सुगंधा के गाल के पास डस लिया। मां-बेटे के शोर मचाने पर परिवार के लोग कमरे में पहुंचे। दोनों को बाहर निकाला गया और सांप को कमरे में ही बंद कर दिया गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत

सांप के डसने के बाद दोनों की हालत तेजी से बिगड़ने लगी। परिजन सुबह करीब छह बजे उन्हें जिला संयुक्त चिकित्सालय, महराजगंज लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद अर्पित को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर हालत में सुगंधा को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया और बाद में गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

महराजगंज में मां-बेटे को करैत ने डसा, 11 साल के बच्चे की मौत

बच्चे के जिंदा होने की आस में 250 किमी दूर ले गए शव

अर्पित की मौत की खबर सुनते ही परिवार में मातम छा गया। इसके बाद परिजन बच्चे के जिंदा होने की उम्मीद में उसका शव लेकर करीब 250 किलोमीटर दूर गाजीपुर के अमवा स्थित सती माता मंदिर पहुंचे। परिजनों के मुताबिक, वहां महंत ने करीब 20 मिनट तक बच्चे को मूर्ति के सामने लिटाकर झाड़-फूंक की। जब कोई हलचल नहीं हुई तो महंत ने बच्चे के जीवित न होने की बात कही। इसके बाद परिवार शव को कार से लेकर वापस महराजगंज लौट आया।

हेलमेट के फोम में छिपा था करैत

घटना के बाद ग्रामीणों की सूचना पर वन्यजीव रक्षक रामबचन साहनी की टीम कृष्ण मुरारी यादव के घर पहुंची। काफी तलाश के बाद करैत सांप कमरे में रखे एक हेलमेट के फोम में छिपा मिला। टीम ने सांप को सुरक्षित रेस्क्यू कर अपने साथ ले गई। अर्पित लिटिल एंजल एकेडमी, चौक बाजार में कक्षा-दो में पढ़ता था। उसके पिता कृष्ण मुरारी यादव मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव हैं। परिवार में मां सुगंधा और बड़ा भाई आयुष (13) हैं। बच्चे की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। दादी विन्द्रावती, बाबा विश्वनाथ यादव और चचेरे भाई विवेक समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *