(रणभेरी): हवाई यात्रा को और सुगम बनाने की दिशा में Akasa Air ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। एयरलाइन 29 मार्च से वाराणसी और नवी मुंबई के बीच नई दैनिक उड़ान सेवा शुरू करने जा रही है, जिससे यात्रियों को अधिक विकल्प और बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
एयरलाइन द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार, नई उड़ान क्यूपी 2021 नवी मुंबई से सुबह 11:00 बजे रवाना होकर वाराणसी पहुंचेगी। वहीं, वापसी में क्यूपी 2022 Lal Bahadur Shastri International Airport से दोपहर 1:55 बजे उड़ान भरकर शाम 4:15 बजे नवी मुंबई पहुंचेगी। ये दोनों सेवाएं प्रतिदिन संचालित की जाएंगी।
कंपनी के उत्तर प्रदेश सेल्स प्रमुख राहुल सिंह के अनुसार, वर्तमान में भी इस मार्ग पर एयरलाइन की दो उड़ानें संचालित हो रही हैं। इनमें सुबह 7:50 बजे नवी मुंबई से चलने वाली क्यूपी 2001 और शाम 7:55 बजे वाराणसी से उड़ान भरने वाली क्यूपी 2004 शामिल हैं। नई सेवाओं के जुड़ने से यात्रियों को समय के अधिक विकल्प मिलेंगे।
विशेषज्ञों का मानना है कि उड़ानों की संख्या बढ़ने से न केवल व्यापारिक यात्रियों को लाभ होगा, बल्कि धार्मिक और पर्यटन उद्देश्यों से यात्रा करने वाले लोगों के लिए भी यह सुविधा उपयोगी साबित होगी। वाराणसी आने वाले पर्यटकों और मुंबई जाने वाले उद्यमियों को इससे सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है।
एयरलाइन ने यात्रियों से अपील की है कि वे टिकट बुकिंग के लिए कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप का उपयोग करें। साथ ही, जानकारों का कहना है कि बढ़ती प्रतिस्पर्धा के चलते भविष्य में किराए में भी कमी देखने को मिल सकती है।
