वेडिंग कार्ड इन्विटेशन बना साइबर ठगों का हथियार

वेडिंग कार्ड इन्विटेशन बना साइबर ठगों का हथियार
  • एक क्लिक में मोबाइल हो जाता है हैक, बैंक खाते साफ
  • अपने ही लोगों के नंबर से आ रहा खतरनाक एपीके, भरोसे को बना रहे जाल
  • फाइल खोलते ही फोन पर पूरा कब्जा, ओटीपी पढ़कर बैंक खातों पर डाका

वाराणसी (रणभेरी): काशी में इन दिनों साइबर ठगों ने ठगी का एक नया और बेहद खतरनाक तरीका अपनाया है, जिसने आम लोगों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। डिजिटल वेडिंग कार्ड के नाम पर भेजी जा रही एक फाइल लोगों के मोबाइल फोन को हैक कर रही है और देखते ही देखते उनकी जमा पूंजी साफ कर दी जा रही है। ताजा मामला दशाश्वमेध क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक व्यक्ति इस हाईटेक ठगी का शिकार हो गया।

पीड़ित ने बताया कि उसे उसके एक करीबी परिचित के व्हाट्सएप नंबर से शादी का निमंत्रण भेजा गया था। मैसेज में लिखा था…शादी में जरूर आना, कार्ड एक बार खोलकर देखो। भरोसे में आकर जैसे ही उसने वेडिंग इनविटेशन कार्ड नाम की फाइल को खोला, मोबाइल की स्क्रीन तेजी से ब्लिंक करने लगी और फोन पूरी तरह अनियंत्रित हो गया। कुछ ही क्षणों में मोबाइल का पूरा एक्सेस हैकर्स के हाथों में चला गया।

इस साइबर फ्रॉड का सबसे खतरनाक पहलू यह है कि ठग किसी अनजान नंबर का इस्तेमाल नहीं कर रहे, बल्कि पहले से हैक किए गए मोबाइल फोन के जरिए उसी व्यक्ति के संपर्कों को यह फाइल भेजते हैं। यानी एक बार कोई इस जाल में फंसता है, तो उसका फोन रिमोट कंट्रोल की तरह अपराधियों के कब्जे में चला जाता है और फिर वही मैसेज उसके सभी जान-पहचान वालों को भेजा जाता है।

तकनीकी विशेषज्ञों के अनुसार, यह फाइल दरअसल एपीके फॉर्मेट में होती है, जो एक खतरनाक मालवेयर है। इसे खोलते ही यह मोबाइल में इंस्टॉल होकर यूजर के निजी डाटा, गैलरी, मैसेज और बैंकिंग एप्स तक पहुंच बना लेता है। इसके बाद हैकर्स बैकग्राउंड में सक्रिय होकर बैंक से आने वाले ओटीपी को पढ़ लेते हैं और बिना जानकारी के खाते से पैसे निकाल लेते हैं।
पीड़ित ने यह भी बताया कि फाइल ओपन करने के बाद मोबाइल का टच काम करना बंद कर गया और फोन को बंद या रिसेट करना भी मुश्किल हो गया। इस दौरान हैकर्स लगातार सक्रिय रहे और बैंकिंग ट्रांजैक्शन को अंजाम देते रहे। कई मामलों में यूजर का पूरा डाटा डिलीट होने की भी शिकायत सामने आई है।

काशी के विभिन्न रिहायशी इलाकों में इस तरह के मामलों की चर्चा से दहशत का माहौल है। लोग अब व्हाट्सएप पर आने वाले हर लिंक और फाइल को लेकर सशंकित हो गए हैं। साइबर सुरक्षा सेल ने इस खतरे को गंभीर मानते हुए लोगों को तत्काल सतर्क रहने की अपील की है।

वेडिंग कार्ड इन्विटेशन बना साइबर ठगों का हथियार

बचाव के उपाय

  • व्हाट्सएप या किसी भी प्लेटफॉर्म पर आने वाली एपीके फाइल को कभी डाउनलोड या ओपन न करें।
  • शादी के निमंत्रण आमतौर पर पीडीएफ या इमेज फॉर्मेट में आते हैं, फाइल का एक्सटेंशन जरूर जांचें।
  • किसी परिचित के नंबर से संदिग्ध मैसेज आए तो पहले कॉल कर पुष्टि करें।
  • मोबाइल में unknown Sources’ से ऐप इंस्टॉल करने का विकल्प बंद रखें। केवल आधिकारिक ऐप स्टोर से ही एप्लिकेशन डाउनलोड करें।
  • फोन में एंटीवायरस और सिक्योरिटी अपडेट्स नियमित रखें।
  • बैंकिंग ओटीपी, पासवर्ड और पिन किसी के साथ साझा न करें।
Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *