प्रयागराज में मंत्री संजय निषाद का धरना, मस्जिद हटाने की मांग पर NH-30 जाम

प्रयागराज में मंत्री संजय निषाद का धरना, मस्जिद हटाने की मांग पर NH-30 जाम

(रणभेरी): उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री संजय निषाद ने सोमवार को प्रयागराज के श्रृंगवेरपुरधाम में कथित अवैध मस्जिद को हटाने की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर धरना शुरू कर दिया। उनके धरने के चलते हाईवे पर लगभग पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।

मंत्री निषाद का आरोप है कि संबंधित मस्जिद को करीब 15 वर्ष पहले अवैध रूप से मंदिर की जमीन पर बनाया गया। उन्होंने दावा किया कि पहले यहां मंदिर था और उसके पुजारी की हत्या के बाद दूसरे समुदाय के लोगों ने वहां मस्जिद का निर्माण कर लिया।

धरने की सूचना मिलते ही निषाद पार्टी के एक हजार से अधिक कार्यकर्ता और समर्थक मौके पर पहुंच गए। स्थिति तनावपूर्ण होती देख पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मंत्री को समझाने का प्रयास किया।

प्रयागराज में मंत्री संजय निषाद का धरना, मस्जिद हटाने की मांग पर NH-30 जाम

रैली और जन्मदिन कार्यक्रम के बीच शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, मंत्री संजय निषाद श्रृंगवेरपुर में आयोजित पार्टी रैली में शामिल होने पहुंचे थे। सोमवार को निषाद समाज के आराध्य महाराजा गुहाराज निषाद की जयंती भी मनाई जा रही है। इसी क्रम में मंत्री निषादराज पार्क में पूजा करने पहुंचे, जहां मस्जिद को देखकर उन्होंने विरोध जताते हुए धरना शुरू कर दिया।

प्रयागराज में मंत्री संजय निषाद का धरना, मस्जिद हटाने की मांग पर NH-30 जाम

पहले भी उठा चुके हैं मुद्दा

यह पहला मौका नहीं है जब मंत्री ने इस मस्जिद को लेकर आपत्ति जताई हो। मार्च 2023 में भी उन्होंने दावा किया था कि 2013 तक इस स्थान पर कोई मस्जिद मौजूद नहीं थी और बाद में अवैध रूप से इसका निर्माण किया गया। उन्होंने यह भी कहा था कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के रिकॉर्ड में भी यहां मस्जिद का उल्लेख नहीं है।

श्रृंगवेरपुरधाम का हालिया विकास

गंगा तट पर स्थित श्रृंगवेरपुरधाम का हाल के वर्षों में बड़े स्तर पर विकास किया गया है। राज्य सरकार ने यहां लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से कॉरिडोर और निषादराज पार्क का निर्माण कराया है। पार्क में भगवान श्रीराम और निषादराज की गले मिलती हुई 50 फीट से अधिक ऊंची प्रतिमा स्थापित की गई है, जिसका उद्घाटन दिसंबर 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था।

चुनावी तैयारी में सक्रिय निषाद पार्टी

गौरतलब है कि निषाद पार्टी आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए प्रदेशभर में रैलियां कर रही है। पार्टी ने हाल ही में गोरखपुर में भी बाइक रैली आयोजित कर अपनी राजनीतिक सक्रियता का प्रदर्शन किया था।

उत्तर प्रदेश में निषाद पार्टी, भाजपा के साथ गठबंधन में है और वर्तमान में उसके 9 विधायक विधानसभा में प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। 2022 के चुनाव में पार्टी ने 15 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिनमें से 9 पर जीत हासिल की थी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *