(रणभेरी): बिसरख: ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गौर सिटी-2 की 7th एवेन्यू सोसाइटी में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक 3 वर्षीय बच्चे की 12वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। घटना के समय बच्चा घर में अकेला था, जबकि उसकी मां बड़े बेटे को ट्यूशन छोड़ने गई हुई थी।
जानकारी के अनुसार, फ्लैट नंबर E-1237 में रहने वाले संजय पाल, जो एक निजी कंपनी में इंजीनियर हैं, अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते हैं। शुक्रवार को उनकी पत्नी मंजू पाल छोटे बेटे सागनिक (3 वर्ष) को घर में सोता हुआ छोड़कर बड़े बेटे को ट्यूशन के लिए ले गई थीं।
इसी दौरान, सागनिक की नींद खुलने पर वह खेलते-खेलते बालकनी तक पहुंच गया। बालकनी में रखी कुर्सी पर चढ़कर वह रेलिंग से बाहर झांकने लगा। बताया जा रहा है कि इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह 12वीं मंजिल से नीचे गिर गया।

गिरने की आवाज सुनकर आसपास के पड़ोसी और सोसाइटी के गार्ड मौके पर पहुंचे और तुरंत बच्चे को अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलते ही मां भी अस्पताल पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। बच्चे की हालत देखकर मां बेहोश हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बच्चे के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई थीं। परिवार मूल रूप से पश्चिम बंगाल का रहने वाला है और जुलाई 2025 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रह रहा था।
पुलिस के मुताबिक, परिजनों ने किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया, जिसके चलते शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया और अंतिम संस्कार कर दिया गया। यह घटना बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है, खासकर तब जब वे घर में अकेले छोड़े जाते हैं।
