(रणभेरी): इंदौर के प्रीति नगर इलाके में मंगलवार देर रात एक भयावह अग्निकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, घर में इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) की चार्जिंग के दौरान हुए शॉर्ट सर्किट से आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।
आग इतनी तेजी से फैली कि घर के भीतर रखे एलपीजी सिलिंडर भी इसकी चपेट में आ गए। एक के बाद एक सिलिंडर फटने से धमाकों की आवाज गूंज उठी और आग और भी भड़क गई। इस दौरान घर के अंदर मौजूद लोग बाहर निकलने का प्रयास करते रहे, लेकिन तेज लपटों ने उन्हें घेर लिया। इस हादसे में आठ लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं और उनका इलाज जारी है।

पड़ोसियों की कोशिशें नाकाम रहीं
घटना के बाद आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। कुछ लोगों ने पानी की बाल्टियों से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सिलिंडरों में हो रहे लगातार धमाकों के कारण उन्हें पीछे हटना पड़ा। लोग घर के अंदर फंसे परिवार को आवाज देते रहे, लेकिन आग की भयावहता के सामने सभी प्रयास विफल साबित हुए।
घर में ठहरे थे मेहमान भी
बताया जा रहा है कि मकान मालिक मनोज पुगलिया के यहां कुछ मेहमान भी ठहरे हुए थे, जो एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। आग की चपेट में आने से मेहमान भी इसकी जद में आ गए।
सूचना मिलते ही दमकल और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। टीम ने सात शवों और तीन घायलों को बाहर निकाला, जबकि बाद में एक बच्चे का शव भी बरामद किया गया, जो बुरी तरह झुलस चुका था।
इलाके में शोक और दहशत का माहौल
इस दर्दनाक घटना के बाद प्रीति नगर में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोग स्तब्ध हैं कि कैसे कुछ ही पलों में एक पूरा परिवार इस त्रासदी का शिकार हो गया। हादसे ने इलाके के लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
