अस्सी घाट पर विवाद के बाद युवक पर हमला, लात-घूंसों से पीटा; पुलिस ने एक को दबोचा

अस्सी घाट पर विवाद के बाद युवक पर हमला, लात-घूंसों से पीटा; पुलिस ने एक को दबोचा

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी में सोमवार देर रात अस्सी घाट से गंगा आरती में सेवा देने के बाद लौट रहे एक युवक पर कुछ दबंगों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने उसे लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा और मौके से फरार हो गए। घायल युवक किसी तरह नजदीकी पुलिस चौकी पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी दी।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और देर रात दबिश देकर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपने तीन अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं, जिनकी तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार चित्रकूट का रहने वाला यश द्विवेदी वाराणसी में रहकर पढ़ाई करता है और अस्सी घाट पर होने वाली गंगा आरती में सहयोगी के रूप में सेवा भी देता है। सोमवार रात आरती समाप्त होने के बाद वह मछली बंदर मठ के पास चाय पी रहा था। इसी दौरान बाइक पर बैठे हुए उसकी एक युवक से कहासुनी हो गई।

देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और वहां मौजूद युवकों ने यश पर हमला कर दिया। आरोप है कि सभी ने मिलकर उसे लात-घूंसों से पीटा। मारपीट के दौरान एक युवक ने बाइक की चाबी से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसे गहरी चोट आई और वह लहूलुहान हो गया। घायल हालत में यश पुलिस चौकी पहुंचा और घटना की शिकायत दर्ज कराई।

लिखित तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दबिश दी और आयुष नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए तलाश की जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *