वाराणसी (रणभेरी): चितईपुर थाना क्षेत्र के सुसुवाही स्थित हैदराबाद गेट के समीप रविवार देर शाम करीब आठ बजे बीएचयू परिसर में दुर्घटना कर भाग रही सफेद रंग की चार पहिया कार को छात्रों ने घेर लिया। कार का पीछा करते हुए बड़ी संख्या में बीएचयू के छात्र हैदराबाद गेट पहुंचे और वाहन को रोक लिया। इसके बाद आक्रोशित छात्रों और भीड़ ने कार सवारों की जमकर पिटाई कर दी। साथ ही कार के शीशे भी क्षतिग्रस्त कर दिए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक नशे की हालत में था और गलत दिशा में वाहन लेकर जा रहा था। इसी दौरान बीएचयू परिसर में दुर्घटना होने के बाद वह कार लेकर भागने लगा। हालांकि, छात्रों ने पीछा कर हैदराबाद गेट के पास उसे पकड़ लिया।
घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसी तरह भीड़ को शांत कराते हुए चालक और उसके साथी को कार समेत थाने पहुंचाया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, कार चालक की पहचान मयंक कुमार चौबे निवासी खड़िया कॉलोनी, थाना शक्तिनगर, जिला सोनभद्र के रूप में हुई है। वहीं, कार में सवार उसके दोस्त की पहचान आदित्य शुक्ला निवासी ग्राम जतपुरा, पोस्ट भोजपुर, थाना नगर ऊंटारी, जिला गढ़वा (झारखंड) के रूप में हुई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश गौतम ने बताया कि मामले में अभी तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
