काशी के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण 98 प्रतिशत पूरा, 2 दिसंबर को उद्घाटन की तैयारी

काशी के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण 98 प्रतिशत पूरा, 2 दिसंबर को उद्घाटन की तैयारी

दिसंबर में अंडर-19 टूर्नामेंट से शुरू हो सकता है क्रिकेट का रोमांच, 451 करोड़ की लागत से भगवान शिव की थीम पर बन रहा स्टेडियम

वाराणसी (रणभेरी): गंजारी में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का काम करीब 98 प्रतिशत पूरा हो चुका है। अब खेल प्रेमियों को इस भव्य स्टेडियम में पहले क्रिकेट मुकाबले का इंतजार है। स्टेडियम का उद्घाटन दो दिसंबर को कराने की तैयारी चल रही है। हालांकि, उद्घाटन की तारीख पर अभी आधिकारिक मुहर लगना बाकी है। इसी दौरान स्टेडियम के पास स्थित सद्गुरु आई हॉस्पिटल का भी शुभारंभ किए जाने की संभावना है। दोनों आयोजनों को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

स्टेडियम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के अध्यक्ष जय शाह और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला 18 से 20 नवंबर के बीच वाराणसी पहुंच सकते हैं। इस दौरान उनके निर्माण कार्य का निरीक्षण करने की संभावना है।

काशी के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण 98 प्रतिशत पूरा, 2 दिसंबर को उद्घाटन की तैयारी

दिसंबर में अंडर-19 टूर्नामेंट कराने की तैयारी

स्टेडियम के उद्घाटन के बाद दिसंबर में यहां अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित कराने की योजना है। इसके तहत पहला मुकाबला तीन से छह दिसंबर और दूसरा मुकाबला 11 से 14 दिसंबर के बीच कराया जा सकता है। यदि प्रस्तावित कार्यक्रम को मंजूरी मिलती है तो उद्घाटन के अगले दिन से ही मैदान पर क्रिकेट का रोमांच देखने को मिल सकता है।

भगवान शिव की थीम पर तैयार किया गया स्टेडियम

करीब 451 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह स्टेडियम काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसकी डिजाइन में भगवान शिव से जुड़े प्रतीकों को प्रमुखता दी गई है। स्टेडियम में डमरू, त्रिशूल, चंद्रमा और बेलपत्र की आकृतियां दिखाई देंगी। वहीं, दर्शक दीर्घा की सीढ़ियों को बनारस के ऐतिहासिक घाटों की तर्ज पर बनाया गया है। दिव्यांग दर्शकों की सुविधा के लिए लिफ्ट की व्यवस्था भी की गई है।

काशी के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण 98 प्रतिशत पूरा, 2 दिसंबर को उद्घाटन की तैयारी

बारिश के 20 मिनट बाद खेलने योग्य होगा मैदान

स्टेडियम में आधुनिक जल निकासी व्यवस्था विकसित की गई है, जिससे बारिश के बाद मैदान को जल्द दोबारा खेलने योग्य बनाया जा सकेगा। प्रोजेक्ट डायरेक्टर सरोज शुक्ला के मुताबिक, तेज बारिश होने की स्थिति में भी मैदान से पानी निकालने में करीब 20 मिनट का समय लगेगा। बारिश के पानी को एकत्र करने के लिए इसे दो तालाबों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।

इसके अलावा पानी के पुनः उपयोग के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) भी स्थापित किया गया है। आग लगने जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए सेंसर आधारित स्प्रिंकलर सिस्टम और आधुनिक अग्निशमन सुरक्षा उपकरण लगाए गए हैं। करीब 98 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अब स्टेडियम को अंतिम रूप देने की तैयारी है। उद्घाटन और अंडर-19 टूर्नामेंट के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर खेल प्रेमियों में उत्सुकता बढ़ गई है

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *