वाराणसी (रणभेरी): यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा में पूछे गए एक प्रश्न को लेकर वाराणसी में ब्राह्मण समाज के लोगों ने नाराजगी जताई। सोमवार को बड़ी संख्या में समाज के लोग जिला मुख्यालय पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि परीक्षा में एक ऐसा सवाल शामिल किया गया है, जिसे लेकर ब्राह्मण समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। इसी मुद्दे को लेकर लोगों ने उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के खिलाफ नारेबाजी की और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग उठाई। विरोध के दौरान कुछ लोगों ने भर्ती बोर्ड का पुतला जलाने का प्रयास भी किया, हालांकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी वहीं धरने पर बैठकर अपना विरोध जताते रहे।

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने सरकार से मांग की कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए परीक्षा प्रणाली में सावधानी बरती जाए। स्थिति को देखते हुए जिला मुख्यालय परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने की कोशिश की।
