वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी जिला अस्पताल की पैथोलॉजी लैब से जुड़ा एक वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में कुछ कर्मचारी लैब के अंदर शराब पीते और सिगरेट पीते दिखाई दे रहे हैं। मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, लैब के अंदर का करीब 20-20 सेकेंड के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। वीडियो में तीन लोग लैब के भीतर बैठे दिखाई दे रहे हैं, जबकि एक अन्य व्यक्ति वीडियो बनाता नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि वीडियो में एक लैब टेक्नीशियन और दो संविदा कर्मचारी शामिल हैं।
वीडियो में पैथोलॉजी लैब की मशीनों के बीच रखी एक टेबल पर शराब से भरे गिलास और खाने का सामान दिखाई दे रहा है। दो कर्मचारी कुर्सी पर बैठे हैं, जबकि तीसरा व्यक्ति लैब के फ्रिज से कुछ सामान निकालकर प्लेट में रखता है और बाद में उनके साथ बैठ जाता है। इसी दौरान एक कर्मचारी कमरे के भीतर सिगरेट भी पीता दिखाई देता है।
मामले को लेकर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.एस. राम ने बताया कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है। उनके अनुसार यह वीडियो उनके कार्यभार संभालने से पहले का बताया जा रहा है, फिर भी यह गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि जिला अस्पताल की पैथोलॉजी लैब में रोजाना इमरजेंसी और ओपीडी में आने वाले मरीजों की खून समेत कई तरह की जांच की जाती है। यहां गर्भवती महिलाओं के ब्लड सैंपल की जांच भी होती है। ऐसे में लैब के अंदर इस तरह की गतिविधियों का वीडियो सामने आने से अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
