वाराणसी (रणभेरी): उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक (SI) पदों के लिए आयोजित भर्ती परीक्षा शनिवार से वाराणसी में शुरू हो गई। शहर के कुल 46 परीक्षा केंद्रों पर करीब 77 हजार से अधिक अभ्यर्थी दो दिनों तक आयोजित होने वाली इस परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा 14 और 15 मार्च को चार पालियों में कराई जा रही है।
पहले दिन शनिवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक पहली पाली की परीक्षा आयोजित की गई, जबकि दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। पहली पाली में 46 केंद्रों पर 19,440 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। परीक्षा को देखते हुए सुबह 8 बजे से ही अभ्यर्थियों का केंद्रों पर पहुंचना शुरू हो गया था।

परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। शहर में करीब 1356 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही 46 सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं, जो परीक्षा केंद्रों की निगरानी कर रहे हैं।

परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सख्त जांच की गई। पुरुष अभ्यर्थियों को जूते-मोजे हाथ में लेकर अंदर जाना पड़ा, जबकि घड़ी, बेल्ट और हाथ का कलावा भी उतरवाया गया। वहीं महिला अभ्यर्थियों को भी चूड़ी, चेन, टॉप्स, पायल और बालों की क्लिप जैसी वस्तुएं हटाने के बाद ही प्रवेश दिया गया। इसके अलावा बायोमेट्रिक और आईरिस स्कैन के जरिए पहचान का मिलान भी किया गया।

सुरक्षा के लिहाज से सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जा रही है। नकल रोकने के लिए यूपी एसटीएफ और खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय हैं। इसके अलावा केंद्रों के आसपास स्थित फोटोस्टेट की दुकानों को अस्थायी रूप से बंद कराया गया है।
डीआईजी शिवहरी मीणा ने कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि रेलवे, रोडवेज और अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

वहीं अभ्यर्थियों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग की ओर से 168 अतिरिक्त बसों का संचालन किया जा रहा है। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि भीड़ के बीच किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
एडीसीपी डा ईशान सोनी ने बताया कि परीक्षा को लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई जा सके।

प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्रों पर पहुंचें और निर्धारित नियमों का पालन करें, जिससे परीक्षा प्रक्रिया सुचारु और पारदर्शी तरीके से पूरी हो सके।
