आगरा में आलू की कीमतों पर सियासत तेज, प्रदर्शन के दौरान सड़क पर बिखरे आलू; पुलिस-किसानों में तनातनी

आगरा में आलू की कीमतों पर सियासत तेज, प्रदर्शन के दौरान सड़क पर बिखरे आलू; पुलिस-किसानों में तनातनी

(रणभेरी); जिले में आलू की गिरती कीमतों को लेकर किसानों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। सोमवार को यमुना एक्सप्रेसवे के खंदौली टोल प्लाजा पर समाजवादी पार्टी के नेताओं और किसानों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क पर आलू बिखेर दिए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान कुछ देर के लिए टोल प्लाजा पर यातायात भी प्रभावित रहा।

प्रदर्शन के दौरान आलू की मालाएं पहनकर पहुंचे किसानों और सपा कार्यकर्ताओं ने उचित मूल्य की मांग उठाई। इसी बीच मौके पर पहुंची पुलिस ने सड़क पर पड़े आलुओं को हटाने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि एक पुलिसकर्मी द्वारा पैरों से आलू हटाने पर किसानों और नेताओं ने नाराजगी जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और तनातनी की स्थिति बन गई। लगभग 20 मिनट तक टोल पर आवागमन बाधित रहा।

सपा नेताओं के साथ पहुंचे किसान

प्रदर्शन में सपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राकेश बघेल भी किसानों के साथ मौजूद थे। किसानों का कहना था कि आलू की कीमतें इतनी गिर गई हैं कि उनकी लागत तक नहीं निकल पा रही है। इसी के विरोध में उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से सड़क पर आलू फैलाकर प्रदर्शन किया।

आगरा में आलू की कीमतों पर सियासत तेज, प्रदर्शन के दौरान सड़क पर बिखरे आलू; पुलिस-किसानों में तनातनी

11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस ने बिना अनुमति प्रदर्शन करने और सड़क यातायात प्रभावित करने के आरोप में 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जिन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, उनमें सपा से जुड़े कुछ स्थानीय नेता और कार्यकर्ता शामिल बताए जा रहे हैं।

अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा

इस पूरे मामले को लेकर सपा अध्यक्ष Akhilesh Yadav ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आलू की कीमतों में गिरावट से किसान परेशान हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों के हितों के प्रति गंभीर नहीं है और सिर्फ राजनीतिक गतिविधियों में व्यस्त है।

पुलिस और नेताओं में बयानबाजी

सूत्रों के अनुसार, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। बताया जाता है कि पुलिस की ओर से किसानों को लेकर की गई एक टिप्पणी पर सपा नेताओं ने कड़ा विरोध जताया, जिससे माहौल और गरमा गया। किसानों का कहना है कि अगर फसलों का उचित मूल्य नहीं मिला तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा। वहीं प्रशासन ने कहा है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *