समर्थकों की भीड़ बनी चुनौती, 20 पदों के लिए 77 प्रत्याशी मैदान में
शाम 4 बजे तक मतदान, रविवार सुबह से होगी मतगणना
वाराणसी (रणभेरी): पूर्वांचल की सबसे प्रतिष्ठित अधिवक्ता संस्था सेंट्रल बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव (सत्र 2025-26) के लिए शनिवार को सुबह 10 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई। पहला वोट अधिवक्ता अंकुर पटेल ने डालकर चुनाव की औपचारिक शुरुआत की। कचहरी परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, इसके बावजूद प्रत्याशियों के समर्थकों की भारी भीड़ के कारण मतदाता अधिवक्ताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन राधे लाल श्रीवास्तव ने बताया कि इस बार कुल 20 पदों के लिए 77 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। चुनाव में 7636 अधिवक्ता मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन व्यवस्था में 60 सहायक चुनाव अधिकारियों की तैनाती की गई है।

मतदान को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कुल 17 टेबल लगाई गई हैं। आजीवन सदस्यों के लिए भूतल स्थित हॉल में मतदान की व्यवस्था की गई है, जबकि सामान्य सदस्यों के लिए बार के प्रथम तल पर स्थित हॉल में वोट डलवाए जा रहे हैं। चुनाव अधिकारी ने स्पष्ट किया कि केवल उन्हीं अधिवक्ताओं को मतपत्र जारी किए जा रहे हैं, जिनके पास बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश द्वारा जारी मूल सीओपी (सीओपी) कार्ड उपलब्ध है। हालांकि प्रशासन की ओर से मतदान स्थल के आसपास बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश और चुनाव प्रचार पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया था, लेकिन सुबह से ही प्रत्याशियों के समर्थकों और बाहरी लोगों का जमावड़ा बना रहा। गलियारों में बेतरतीब तरीके से खड़े समर्थकों के कारण आवागमन बाधित हुआ, जिससे वरिष्ठ और महिला अधिवक्ताओं को विशेष परेशानी झेलनी पड़ी।

समाचार लिखे जाने तक दोपहर बाद लगभग 2500 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे। मतदान प्रक्रिया शाम 4 बजे तक चलेगी। सेंट्रल बार और बनारस बार एसोसिएशन दोनों की मतगणना रविवार सुबह 8 बजे से शुरू होगी और परिणाम घोषित होने तक जारी रहेगी।
