वाराणसी (रणभेरी): कफ सिरप प्रकरण में नामजद अभियुक्त भोला प्रसाद जायसवाल के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने गुरुवार को सख्त कार्रवाई करते हुए उसकी अचल संपत्तियों को कुर्क कर लिया। यह कार्रवाई थाना कोतवाली में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 235/2025 के अंतर्गत की गई।
पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन में शाम करीब 4:30 बजे महमूरगंज स्थित KBN प्लाजा से कुर्की की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल की मौजूदगी में विधिक औपचारिकताएं पूरी की गईं। संपत्ति पर विधिवत नोटिस चस्पा कर उसे अधिग्रहण की श्रेणी में लिया गया।

जानकारी के अनुसार, कफ सिरप से जुड़े प्रकरण में अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व से ही जांच और विधिक कार्रवाई जारी थी। जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर संपत्ति कुर्की की कार्रवाई को आवश्यक बताया गया। अधिकारियों का कहना है कि अवैध गतिविधियों से अर्जित संपत्ति के खिलाफ कानून के तहत कठोर कदम उठाए जाएंगे।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों और अवैध कारोबार से जुड़े मामलों में दोषियों के विरुद्ध आगे भी सख्ती जारी रहेगी। प्रशासन का संदेश साफ है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्तर पर राहत नहीं दी जाएगी।
