राजामौली की मेगा फिल्म ‘वाराणसी’ से प्रियंका चोपड़ा की बॉलीवुड वापसी, निक जोनस ने जताया गर्व

राजामौली की मेगा फिल्म ‘वाराणसी’ से प्रियंका चोपड़ा की बॉलीवुड वापसी, निक जोनस ने जताया गर्व

महेश बाबू राम के अवतार में, पृथ्वीराज सुकुमारन खलनायक की भूमिका में नजर आएंगे; 7 अप्रैल 2027 को रिलीज की तैयारी

अंतरराष्ट्रीय पहचान बना चुकीं अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा एक बार फिर हिंदी सिनेमा में वापसी करने जा रही हैं। वह निर्देशक एस.एस. राजामौली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वाराणसी’ में मुख्य भूमिका निभाती दिखाई देंगी। फिल्म की रिलीज में अभी लंबा समय बाकी है, लेकिन बड़े बजट और स्टारकास्ट की वजह से यह प्रोजेक्ट अभी से चर्चा में है।

निक जोनस ने पत्नी के समर्पण की सराहना की

हॉलीवुड सिंगर और प्रियंका के पति निक जोनस ने हाल ही में एक इंटरव्यू में फिल्म को लेकर उत्साह जताया। उन्होंने बताया कि प्रियंका पिछले कई महीनों से अलग-अलग चरणों में फिल्म की शूटिंग कर रही हैं। निक के मुताबिक, यह एक विशाल स्तर पर बनने वाली फिल्म है और प्रियंका इसके लिए बेहद मेहनत कर रही हैं। उन्होंने कहा कि अभिनेत्री की लगन और समर्पण सराहनीय है।

दमदार किरदार में दिखेंगी प्रियंका

फिल्म में प्रियंका ‘मंदाकिनी’ नाम की किरदार निभा रही हैं। उनके शुरुआती लुक में वह पीली साड़ी और हाथ में पिस्तौल के साथ दिखाई दी थीं, जिससे संकेत मिलता है कि उनका रोल एक्शन और ताकत से भरपूर होगा। यह फिल्म उनके लिए हिंदी फिल्मों में एक बड़ी वापसी मानी जा रही है।

स्टारकास्ट और रामायण से जुड़ा खास सीक्वेंस

फिल्म में दक्षिण सुपरस्टार महेश बाबू और अभिनेता पृथ्वीराज सुकुमारन भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। महेश बाबू ‘रुद्र’ के किरदार के साथ भगवान राम के रूप में भी दिखाई देंगे, जबकि पृथ्वीराज खलनायक ‘कुंभा’ का रोल निभा रहे हैं।निर्देशक राजामौली ने बताया था कि रामायण से प्रेरित करीब 25 मिनट के एक बड़े दृश्य को फिल्माने में लगभग 60 दिन लगे।


रिलीज डेट तय
भव्य पैमाने पर तैयार हो रही यह फिल्म 7 अप्रैल 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है। दर्शकों को इस मेगा प्रोजेक्ट का बेसब्री से इंतजार है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *